मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के बुढ़ाना में छात्रा से छेड़छाड़ के वायरल वीडियो के मामले में मनचले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बीती देर रात 11:37 बजे पुलिस द्वारा जारी किए गए वीडियो में आरोपी की हालत ऐसी नजर आ रही है कि उससे अपने पैरों पर ना तो खड़ा हुआ जा रहा और ना ही चला जा रहा है, बल्कि चलने के लिए उसे दो पुलिसकर्मियों के कंधों का सहारा लेना पड़ रहा है। दोनों पुलिसकर्मी आरोपी को अपने कंधों पर लटकाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो रविवार देर रात बुढ़ाना कोतवाली परिसर का है। फुटेज में आरोपी बीच में नजर आता है, जबकि उसके दोनों तरफ दो पुलिसकर्मी उसे संभालकर आगे ले जा रहे हैं। एक सिपाही वर्दी में है, जबकि दूसरा सिविल ड्रेस पहने हुए है। पुलिस की इस कार्रवाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खून चर्चा बंटोर रहा है।
मामला उस वायरल वीडियो से जुड़ा है, जिसमें एक युवक को स्कूली छात्रा के साथ छेड़छाड़ और मारपीट करते हुए देखा गया था। वीडियो सामने आने के बाद बुढ़ाना पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने मामले में आरोपी अरमान पुत्र परवेज, निवासी लुहसाना रोड, सफीपुर पट्टी, कस्बा व थाना बुढ़ाना को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ थाना बुढ़ाना में मुकदमा अपराध संख्या 447/2026 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 74 और 115(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
अब गिरफ्तारी के बाद सामने आए पुलिस वीडियो ने इस मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। वीडियो में आरोपी को पुलिसकर्मियों के सहारे ले जाते हुए देखा जा सकता है।

