मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में अवैध मिट्टी खनन रोकने पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने सोमवार सुबह करीब 10 बजे खनन से जुड़े लोगों का दुस्साहस देखने को मिला। मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने के दौरान पुलिस की मौजूदगी में नायब तहसीलदार के साथ बदसलूकी की गई। आरोप है कि खनन से जुड़े लोगों ने नायब तहसीलदार की गाड़ी को भी घेर लिया और काफी देर तक उन्हें आगे नहीं जाने दिया।

सदर तहसील के नायब तहसीलदार ने पुलिस की मदद से जौली रोड से शहर की तरफ आ रहे अवैध मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा किया। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में बिलासपुर कट के पास पेट्रोल पंप के सामने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवा लिया गया। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक ने कॉल करके कई लोगों को मौके पर बुला लिया।
खनन से जुड़े लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में नायब तहसीलदार से बदसलूकी शुरू कर दी। इसी दौरान एक गाड़ी नायब तहसीलदार की गाड़ी के आगे लगा दी गई। इस गाड़ी पर भारतीय किसान यूनियन का झंडा लगा हुआ था। गाड़ी आगे लगने के बाद नायब तहसीलदार का रास्ता रोक दिया गया।

इसके बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। नायब तहसीलदार के चालक के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप है। इतना ही नहीं, दोनों को गाड़ी से बाहर निकालने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद इस तरह नायब तहसीलदार की गाड़ी रोकने से मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

घटना के बाद प्रशासनिक टीम और पुलिस ने स्थिति संभाली। मामला अवैध मिट्टी खनन से जुड़ा होने के कारण कार्रवाई को लेकर भी प्रशासनिक स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। घटना का वीडियो सामने आने पर पूरे मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
