मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रतनपुरी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर दिनदहाड़े बाइक से जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद युवक का शव मथेड़ी रोड पर जंगल में सड़क किनारे पड़ा मिला। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान रायपुर नगली निवासी प्रवीण के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक प्रवीण किसी काम से बाइक लेकर जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाया। गोली युवक की आंख से सटाकर सिर में बेहद करीब से मारी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड को अंज़ाम देने के बाद हमलावर बेखौफ मौके से फरार हो गए।
कुछ देर बाद जंगल के रास्ते से गुजर रहे लोगों की नजर सड़क किनारे लहुलुहान पड़े शव पर पड़ी। मामले की जानकारी राहगीरों ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हत्या की सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे। युवक का शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वारदात से जुड़े सुराग जुटाने शुरू किए। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रवीण की हत्या किस वजह से की गई और दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देने वाले हमलावर कौन थे।
इस वारदात ने एक बार फिर मुज़फ़्फ़रनगर में लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या की वजह का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

