मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में सोमवार को सामाजिक समरसता और भाईचारे के संदेश को लेकर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। रविवार अपराह्न 3 बजे प्रसिद्ध उद्योगपति आलोक स्वरूप के निज निवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में ब्लॉसम इंडिया फाउंडेशन के संस्थापक एवं शिक्षाविद शशि प्रकाश सिंह ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की पुण्य स्मृति में 5 अक्टूबर को जानसठ रोड स्थित लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर में संगोष्ठी होगी।
उन्होंने बताया कि ‘सामाजिक समरसता में गोरक्षपीठ की भूमिका’ विषय पर होने वाली इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में समाज में बढ़ते जातीय विघटन, सामाजिक एकता और समरसता की आवश्यकता पर चर्चा की जाएगी। आयोजन में सनातन परंपरा के मूल भाव और समाज को एकजुट रखने में सामाजिक संस्थाओं की भूमिका पर भी विचार रखे जाएंगे।
ब्लॉसम इंडिया फाउंडेशन के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के 9 प्रमुख शहरों में आयोजन के बाद मुज़फ़्फ़रनगर इस श्रृंखला का 10वां शहर है। कार्यक्रम में साध्वी प्रज्ञा भारती, महामंडलेश्वर श्री संदीप खत्री जी महाराज और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल प्रमुख वक्ताओं के रूप में विचार रखेंगे।
संगोष्ठी में समाज के प्रबुद्धजन, धर्म पुरुष, संघ परिवार से जुड़े सदस्य, राजनीतिज्ञ और समाजसेवी शामिल होंगे। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम के जरिए समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेसवार्ता के दौरान समाजसेवी आलोक स्वरूप, ललित माहेश्वरी, प्रभाव स्वरूप, अभय जैन, नितिन तयल, मनोज सैनी और अखिलेश जाटव सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

