मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बामनहेड़ी रेलवे स्टेशन के पास एक युवक 7 ग्राम स्मैक लेकर पहुंचा था। पुलिस ने उसे मौके से रंगे हाथों पकड़ लिया। उसके पास से स्मैक के साथ इलेक्ट्रिक कांटा भी मिला है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान महमूद नगर निवासी शौकीन पुत्र मुन्ना मिस्वी के रूप में हुई है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब एक लाख 40 हजार रुपए बताई गई है।
सिविल लाइन थाने में शुक्रवार अपराह्न करीब 3 बजे पुलिस ने जानकारी देते हुए मीडिया को बताया कि एक अक्टूबर की शाम करीब 6:15 बजे बामनहेड़ी रेलवे स्टेशन से करीब 200 मीटर पहले चेकिंग के दौरान शौकीन नामक एक सन्दिग्ध पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 7 ग्राम स्मैक और इलेक्ट्रिक कांटा बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि आरोपी रेलवे स्टेशन की तरफ स्मैक बेचने के लिए जा रहा था।
पूछताछ में शौकीन ने पुलिस को बताया कि वह खुद स्मैक का सेवन करता है और अपने खर्च के लिए स्मैक की खरीद-फरोख्त भी करता है। उसके मुताबिक वह एक पुड़िया 300 रुपए में बेचता था और सुनसान जगहों पर लोगों को स्मैक बेचता था।
अब पुलिस उसके नशे के कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/17 के तहत एक मामला पहले से दर्ज है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

