मुज़फ़्फ़रनगर। खालापार के चर्चित चेहरों में शामिल हाज़ी शेर खालापार थाने में हिस्ट्रीशीटरों की लाइन में खड़े नजर आए। उनके साथ थाने में कुल 26 हिस्ट्रीशीटरों की परेड कराई गई। पुलिस ने सभी को अपराध से दूरी बनाए रखने और भविष्य में किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की हिदायत दी। थाने के अंदर हुई इस कार्रवाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सोमवार शाम करीब 5 बजे खालापार थाना पुलिस ने क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों को थाने बुलाया था। इनमें हाज़ी शेर के अलावा उनके परिवार के कई लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी को थाने के अंदर एक लाइन में खड़ा किया गया। पुलिस ने उनकी मौजूदगी में उन्हें अपराध से दूर रहने और कानून व्यवस्था के लिए किसी तरह की परेशानी पैदा नहीं करने की चेतावनी दी।
वायरल वीडियो में गालियां देने को लेकर हमेशा चर्चाओं में रहने वाले समाजवादी पार्टी के रसूखदार नेता हाज़ी शेर समेत कई हिस्ट्रीशीटर एक कतार में खड़े दिखाई दे रहे हैं। पुलिस उन्हें समझाती और चेतावनी देती नजर आ रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों को साफ संदेश दिया कि उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल होने पर कार्रवाई की जाएगी।
खालापार इलाके में हाज़ी शेर का नाम लंबे समय से स्थानीय स्तर पर चर्चित रहा है। उनके राजनीतिक संपर्कों के कारण भी वह इलाके में पहचाने जाते हैं। ऐसे में उनका हिस्ट्रीशीटरों की इस लाइन में नजर आना वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बन गया।
पुलिस की यह कार्रवाई सोमवार शाम शुरू हुई थी और इसका वीडियो देर रात करीब 12 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस की ओर से हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी और उन्हें अपराध से दूर रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई की जाती है।
थाने में बुलाए गए सभी 26 हिस्ट्रीशीटरों को पुलिस ने दो टूक चेतावनी दी कि वे आपराधिक गतिविधियों से दूर रहें और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि में शामिल न हों।

