मुज़फ़्फ़रनगर। तितावी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और गांजा तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। लखान रोड पर पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक सवार नितिन से पुलिस का आमना-सामना हुआ। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

CO फुगाना नरेंद्र यादव के अनुसार मुठभेड़ रात करीब 12:30 बजे की हुई। घायल आरोपी की पहचान नितिन के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि नितिन गांजा लेकर आसपास के गांवों में सप्लाई करने के लिए पहुंचा था और चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20.5 किलो गांजा बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा एक तमंचा, कारतूस और बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
CO ने बताया कि आरोपी नितिन के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है और बरामद गांजे के स्रोत तथा सप्लाई नेटवर्क को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि लखान रोड पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया था। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
फिलहाल पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। बरामद गांजा कहां से लाया गया था और किन गांवों में इसकी सप्लाई की जानी थी, इसे लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

