मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में ग्रामीण इलाकों तक पुलिस की पहुंच को और मजबूत करने की कवायद शुरू की गई है। मंगलवार अपराह्न करीब 4 बजे रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से आए ग्राम प्रहरियों यानी गांव के चौकीदारों को साइकिलें वितरित की गईं। इस दौरान जनपद के सभी अनुचरों को ड्रेस भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में सबसे खास तस्वीर उस समय सामने आई, जब एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने खुद साइकिल चलाकर ग्राम प्रहरियों का उत्साह बढ़ाया। एसएसपी ने ग्राम प्रहरियों को उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करने के लिए प्रेरित किया।
एसएसपी ने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस और ग्रामीण जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करते हैं। गांव में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अहम है। उन्होंने ग्राम प्रहरियों से कहा कि वे अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहें और किसी भी महत्वपूर्ण सूचना को तत्काल पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाएं।
पुलिस विभाग के मुताबिक, साइकिल मिलने से ग्राम प्रहरियों के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करना आसान होगा। इससे गांवों में पुलिस की निगरानी और सूचना तंत्र को और प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इसी कार्यक्रम में जनपद के समस्त अनुचरों को ड्रेस भी वितरित की गई। पुलिस के अनुसार ड्रेस उपलब्ध कराने से कर्मचारियों में एकरूपता, अनुशासन और विभागीय गरिमा बनाए रखने में मदद मिलेगी।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों और ग्राम प्रहरियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।
पुलिस के अनुसार, शासन की जनसहभागिता आधारित प्रभावी पुलिसिंग और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत ग्रामीण स्तर पर पुलिस की पहुंच मजबूत करने के लिए ग्राम प्रहरियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
