मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शाहपुर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 32 बोर की 6 अवैध पिस्तौल, 315 बोर के 3 तमंचे, एक अवैध मस्कट और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हथियारों की खरीद-फरोख्त कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचते थे। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास बताया गया है।
गुरुवार दोपहर 2 बजे पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में SP देहात महादिक अक्षय संजय ने जानकारी देते हुए बताया कि शाहपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सोरम के गेट नंबर-2 स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास कुछ लोग अवैध हथियारों की सप्लाई के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मेरठ निवासी आकाश उर्फ शुगुन, सनी, निखिल उर्फ निकी और शुभम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की 6 अवैध पिस्तौल, 315 बोर के 3 देशी तमंचे और 315 बोर की एक अवैध मस्कट बरामद की है। इसके अलावा 5 जिंदा कारतूस और एक पिट्ठू बैग भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। बरामद हथियारों की संख्या को देखते हुए पुलिस इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण मान रही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग स्थानों पर डिमांड के अनुसार हथियार ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे। पुलिस अब इस बात की जानकारी जुटा रही है कि हथियार कहां से लाए जाते थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
SP देहात महादिक अक्षय संजय का कहना है कि गिरफ्तार चारों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
शाहपुर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध हथियारों के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

