मुज़फ़्फ़रनगर। नगर कोतवाली क्षेत्र के व्यस्त शिव चौक पर अपराह्न करीब 3:45 बजे नगर पालिका के कूड़ा उठाने वाले डंपर ने स्कूटी सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि डंपर का पिछला पहिया स्कूटी के बड़े हिस्से के ऊपर चढ़ गया। हादसे में स्कूटी सवार युवक की पत्नी और बच्चा घायल हो गए, जबकि हेलमेट पहने होने के कारण चालक युवक की जान बाल-बाल बच गई। हादसे में स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार मुज़फ़्फ़रनगर के बुढ़ाना निवासी एक परिवार स्कूटी पर सवार होकर सहारनपुर की ओर जा रहा था। परिवार जैसे ही शहर के व्यस्त शिव चौक के पास पहुंचा, इसी दौरान नगर पालिका के कूड़ा उठाने वाले बड़े डंपर ने स्कूटी को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद डंपर का पिछला पहिया स्कूटी के ऊपर चढ़ गया। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के समय शिव चौक पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। पुलिस ने डंपर की चपेट में आए परिवार को बाहर निकालकर सुरक्षित किया। हादसे में घायल महिला और बच्चे को उपचार के लिए भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
हादसे के बाद पुलिस ने नगर पालिका के डंपर को कब्जे में ले लिया और उसके चालक को हिरासत में लिया है। हादसे के कारण कुछ समय तक शिव चौक के आसपास यातायात भी प्रभावित रहा।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने शहर के व्यस्त बाजारों और प्रमुख चौराहों पर नगर पालिका के बड़े कूड़ा उठान वाले वाहनों के संचालन को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी और गति नियंत्रण जरूरी है, ताकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से कूड़ा उठान वाले बड़े वाहनों की गति, रूट और संचालन व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की है। उनका कहना है कि व्यस्त चौराहों पर भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

