ईद की तैयारियों में जुटे मुजफ्फरनगर के शिव चौक इलाके में झपटमार ने जहां एक महिला का पर्स छीन लिया और फरार हो गया, वहीं दूसरी महिला का पर्स किसी ने चुपके से दुकान पर खरीददारी करते वक्त साफ कर दिया। पर्स में नकदी, मोबाइल और ATM कार्ड थे। दोनों घटनाएं महज एक घंटे के अंदर हुईं, पुलिस अब सीसीटीवी और सर्विलांस से बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
मुजफ्फरनगर। ईद की खरीदारी के चक्कर में शिव चौक इलाके में झपटमारों ने दो महिलाओं को निशाना बनाया। दोनों घटनाएं महज एक घंटे के अंतराल में हुईं।
पहली घटना: फराह से पर्स छीना
पहली घटना करीब 3:30 बजे की है। मेरठ रोड पर केनरा बैंक के पास (नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज के सामने) ईद की खरीददारी करने आई फराह पत्नी तमरेज (निवासी कच्ची सड़क से रुड़की रोड) पर एक युवक ने झपट्टा मारा। फराह का पर्स छीनकर भाग निकला। पर्स में 2200 रुपये नकद और मोबाइल था।

दूसरी घटना: नकदी भरा पर्स चोरी
दूसरी घटना करीब 4:30 बजे शिव चौक के पीछे सुलभ शौचालय के पास हुई। नाजिया पत्नी शाहवेज (निवासी गांव दधेड़ू) अपनी ननद और बच्चों के साथ ईद की खरीददारी कर रही थीं। दुकान पर सामान देखते समय एक बदमाश ने उनका पर्स छीन लिया। पर्स में 20 हजार रुपये नकद, मोबाइल और ATM कार्ड था।

हड़कंप मचा, बदमाश फरार
दोनों घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने बदमाशों की तलाश में दौड़ लगाई, लेकिन युवक भीड़ में गायब हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई
शहर कोतवाली पुलिस अब दोनों मामलों में गंभीरता से कार्रवाई करने में जुट गई है। आसपास के तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आबकारी पुलिस चौकी इंचार्ज शशि कपूर और उनकी टीम लगातार सीसीटीवी कैमरों की मदद से पर्स लूट की घटना में बदमाश के करीब पहुंच गई है। ताजा अपडेट के मुताबिक, पुलिस सीसीटीवी कैमरों का पीछा करते हुए शहर से निकलकर सिखेड़ा तक पहुच चुकी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होगा।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी?
- एएसपी सिद्वार्थ के. मिश्रा कहते हैं,
बुधवार की शात एक महिला से रूड़की रोड पर एक युवक पर्स छीनकर भाग निकला। पुलिस सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र के जरिए घटना के खुलासे में जुटी हुई है। जल्द ही बदमाश को पकड़ लिया जाएगा।
ईद की खरीदारी के दौरान ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे इलाके की महिलाएं सतर्क हो गई हैं। लोग कह रहे हैं कि बाजार में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए ताकि ईद की खुशियां मातम में न बदलें।




