Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर: श्रीराम कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने ली यातायात नियमों के पालन की शपथ

मुजफ्फरनगर: श्रीराम कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने ली यातायात नियमों के पालन की शपथ

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से 19 नवंबर को महाविद्यालय परिसर में यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एआरटीओ मुजफ्फरनगर चम्पा लाल ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देना, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपाय बताना और उनमें जिम्मेदार सड़क व्यवहार की भावना विकसित करना रहा।

नियमों का पालन जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी : एआरटीओ

मुख्य अतिथि चम्पा लाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात विभाग या पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में यातायात नियमों की अनदेखी, तेज गति से वाहन चलाना, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल शामिल है।

उन्होंने विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की स्थिति में वाहन न चलाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन चालान या जुर्माने के डर से नहीं, बल्कि अपने और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ परिवार और समाज के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

ALSO READ THIS :  ब्रांडेड बोतलों में सस्ती शराब भरकर बेचने वाले 7 गिरफ्तार: मुज़फ़्फ़रनगर में कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की कार्रवाई

युवा समाज में जागरूकता के उदाहरण बनें : प्राचार्या

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने कहा कि सड़क सुरक्षा वर्तमान समय की महत्वपूर्ण सामाजिक आवश्यकता है। जागरूकता, अनुशासन और सावधानी के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। युवा देश का भविष्य हैं और उनकी जिम्मेदारी है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा समाज के सामने सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करें।

उन्होंने विद्यार्थियों को वाहन चलाते समय धैर्य बनाए रखने, यातायात संकेतों को समझने और पैदल यात्रियों सहित सड़क का उपयोग करने वाले अन्य लोगों के अधिकारों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एनएसएस इकाई के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करते हैं।

लापरवाही के गंभीर परिणाम हो सकते हैं : परीक्षा नियंत्रक

श्रीराम कॉलेज के परीक्षा नियंत्रक डॉ. एस.एन. चौहान ने कहा कि सड़क सुरक्षा का सीधा संबंध मानव जीवन की सुरक्षा से है। थोड़ी-सी लापरवाही किसी व्यक्ति और उसके परिवार के लिए गंभीर परिणाम पैदा कर सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को ट्रैफिक सिग्नल और सड़क संकेतों का पालन करने, ओवरटेकिंग में सावधानी बरतने तथा वाहन चलाते समय जल्दबाजी से बचने की सलाह दी।

विज्ञान संकाय की डीन डॉ. पूजा तोमर ने भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से यातायात नियमों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ

कार्यक्रम के दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ऋषभ भारद्वाज ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे यातायात नियमों का पालन करेंगे, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करेंगे। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने का संकल्प लिया।

ALSO READ THIS :  8 सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील में लेखपालों का धरना: 2800 ग्रेड पे, अंतरमंडलीय तबादले और मोटरसाइकिल भत्ता बढ़ाने की मांग

विद्यार्थियों ने पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा का ध्यान रखने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की प्रतिबद्धता जताई।

शिक्षकों और विद्यार्थियों की रही सहभागिता

कार्यक्रम का संचालन एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रितु पुंडीर ने किया। उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक प्राध्यापिका श्रीमती रितु गर्ग का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर विज्ञान संकाय की डीन डॉ. पूजा तोमर, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ऋषभ भारद्वाज, सहायक प्राध्यापक अंकित कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से यातायात नियमों का निष्ठा से पालन करने और सड़क सुरक्षा का संदेश अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने की अपील की गई।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें