मुज़फ़्फ़रनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव पलड़ी निवासी एक परिवार ने सोमवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस कार्यालय पहुंचकर अपने ही गांव के कुछ लोगों पर लगातार उत्पीड़न, झूठे मुकदमे दर्ज कराने और जान से खतरा होने का आरोप लगाया। पीड़ित पक्ष ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित कय्यूम पुत्र मकसूद का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग पुरानी रंजिश के चलते उनके परिवार को लगातार निशाना बना रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले भी उनके बेटे और दामाद को झूठे मुकदमे में जेल भिजवाया गया था। इसी तनाव के बीच उनके दूसरे बेटे फुरकान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
कय्यूम का आरोप है कि इसके बाद भी उनके परिवार का उत्पीड़न नहीं रुका। उन्होंने कहा कि विरोधी पक्ष उन्हें और उनके परिजनों को मजदूरी तक नहीं करने दे रहा है। हाल ही में उनके बेटे, दामाद और भाई के खिलाफ जुआ खेलने, पेड़ काटने और रंगदारी मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत की गई, जबकि यह पूरी तरह झूठा और साजिश के तहत किया गया मामला है।
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि उनके खिलाफ जुआ खेलने का एक कथित वीडियो भी वायरल किया गया, जिसकी सत्यता की कोई निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई। उनका कहना है कि पुलिस ने उनके बेटे का शांति भंग में चालान कर दिया, लेकिन जिन लोगों पर झूठे आरोप लगाने और उत्पीड़न करने का आरोप है, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
एसएसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित परिवार ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि शिकायत झूठी पाई जाए तो फर्जी आरोप लगाने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है।


