मुजफ्फरनगर। टीबी उन्मूलन अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जिला क्षय रोग केंद्र पर तैनात कर्मचारियों ने पांच टीबी मरीजों को गोद लिया। शनिवार को टीबी केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान संजीव शर्मा और अभिषेक गर्ग ने पांच टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके उपचार और सहयोग की जिम्मेदारी में भागीदारी की।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एपी शाही की ओर से जनभागीदारी बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत यह पहल की गई। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ-साथ आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना और समाज के लोगों को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ना है।

इस अवसर पर जिला क्षय रोग अधिकारी ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से लोगों को टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके उपचार और देखभाल में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
डीटीओ मुजफ्फरनगर की ओर से स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारियों के साथ-साथ व्यापारी मंडल और सामाजिक संगठनों से भी अपील की गई कि वे आगे आकर टीबी मरीजों को गोद लें और इस अभियान में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी बढ़ने से टीबी मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक सहयोग मिल सकेगा और उन्हें बीमारी से उबरने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान जिला क्षय रोग केंद्र के सभी कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने टीबी उन्मूलन अभियान में अपनी भूमिका निभाने और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए सहयोग जारी रखने का संकल्प लिया।

