Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » तितावी रिश्वतकांड में SSP का बड़ा एक्शन! थानाध्यक्ष समेत 3 सस्पेंड, वायरल ऑडियो-वीडियो ने ली कुर्सी

तितावी रिश्वतकांड में SSP का बड़ा एक्शन! थानाध्यक्ष समेत 3 सस्पेंड, वायरल ऑडियो-वीडियो ने ली कुर्सी

Facebook
Twitter
WhatsApp

नशा तस्करों के नाम निकालने की कथित डील पर गिरी गाज, महिला के आरोपों के बाद देर रात कार्रवाई… बघरा चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार बने नए तितावी थानाध्यक्ष

मुजफ्फरनगर में तितावी थाने से जुड़े कथित रिश्वतकांड में देर रात बड़ा प्रशासनिक एक्शन हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने वायरल ऑडियो-वीडियो प्रकरण में तितावी थानाध्यक्ष पवन चौधरी, हेड कांस्टेबल अनीस खान और सिपाही नवीन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

सस्पेंड हुए इंस्पेक्टर पवन चौधरी


मामला जौला क्षेत्र में नशा तस्करों के नाम निकालने के एवज में कथित रिश्वतखोरी से जुड़ा बताया जा रहा है। इस पूरे प्रकरण में चरथावल क्षेत्र की चर्चित महिला संजीदा उर्फ मोटी द्वारा वायरल किए गए ऑडियो और वीडियो ने मामला गरमा दिया था। आरोप था कि एक तस्कर को बचाने के लिए पैसों की डील हुई और रकम को लेकर बातचीत भी सामने आई।

सस्पेंड हुए सिपाही नवीन (नीले कपड़े) और हेड कांस्टेबल अनीस खान


पहले वायरल ऑडियो में लाखों की कथित डील की चर्चा ने जिले में सनसनी फैलाई थी, अब उसी मामले में एसएसपी का यह एक्शन सीधे तौर पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल प्रभाव से तीनों को लाइन हाजिर नहीं, बल्कि सस्पेंड कर दिया, जिससे साफ है कि प्रकरण को हल्के में नहीं लिया गया।


इसी के साथ बघरा चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार को तितावी थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। माना जा रहा है कि यह कदम थाना स्तर पर संदेश देने के लिए भी उठाया गया है कि भ्रष्टाचार और वसूली के आरोपों पर अब सीधे कार्रवाई होगी।

ALSO READ THIS :  इमरान मसूद के बयान पर हरेंद्र मलिक का पलटवार, बोले- INDIA गठबंधन को कमजोर करने वाली राजनीति ठीक नहीं

महादिक अक्षय संजय, एसपी देहात

वायरल ऑडियो वीडियो के मामले में कार्रवाई हुई है। थाना प्रभारी पवन चौधरी के अलावा दो सिपाहियों को सस्पेंड किया गया है। आगे की विभागीय जांच प्रचलित है” : महादिक अक्षय संजय, एसपी देहात , मुजफ़्फ़रनगर

यह मामला इसलिए भी बेहद चर्चित हो गया है क्योंकि पहले वायरल ऑडियो को लेकर सवाल उठ रहे थे कि जांच क्या मोड़ लेगी, लेकिन अब निलंबन की कार्रवाई ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। फिलहाल विभागीय जांच आगे बढ़ेगी और अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या इस प्रकरण में और भी नाम सामने आएंगे।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें