मुज़फ़्फ़रनगर। छपार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि आरोपी ने कथित तौर पर नहाते समय उसका वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर करीब डेढ़ साल तक ब्लैकमेल किया। पीड़िता ने युवक पर जबरन दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाने का भी आरोप लगाया है। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर महिला ने सोमवार दोपहर करीब 2 बजे SSP ऑफिस पहुंची और इंसाफ की गुहार लगाई।
पीड़िता के अनुसार, उसका पति गुरुग्राम में रहकर काम करता है। इसी दौरान पड़ोसी ने कथित तौर पर उसका नहाते समय वीडियो बना लिया। महिला का आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा और करीब डेढ़ साल तक उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म करता रहा। शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी दुष्कर्म के दौरान भी उसका वीडियो बनाता था।
महिला का कहना है कि जब उसने आरोपी का विरोध किया तो वह शादी करने का झांसा देता रहा। शिकायत के मुताबिक, बाद में आरोपी ने कथित तौर पर बहला-फुसलाकर महिला से सोने और चांदी के जेवरात तथा नकदी ले ली। महिला ने करीब 10 तोले सोने के जेवर, जिनमें हार, चार कंगन और एक जोड़ी झुमकी आदि शामिल हैं, लेने का आरोप लगाया है। इनकी कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
शिकायत में करीब 20 तोले चांदी की पाजेब, जिसकी कीमत लगभग 42 हजार रुपये बताई गई है, और 2.50 लाख रुपये नकद लेने का भी आरोप लगाया गया है। महिला के अनुसार, आरोपी ने बाद में उससे शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि छह सितंबर को अबुजर खान ने उसे और उसके परिवार को धमकी दी कि वह उनकी अश्लील वीडियो वायरल कर उन्हें बर्बाद कर देगा। महिला ने आरोपी के भाई पर भी उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक, कथित वीडियो वायरल किए जाने के धमकी से वह और उसका परिवार मानसिक रूप से बेहद परेशान है।
महिला का कहना है कि उसने सात सितंबर को छपार थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह एसएसपी कार्यालय पहुंची और पूरे मामले की शिकायत की।
