नई दिल्ली। नीट पेपर लीक विवाद को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार नीट समेत युवाओं से जुड़े हर मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वह सदन में आए और सवाल पूछे, सरकार हर सवाल का जवाब देने को तैयार है।
संसद परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि सरकार छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े सभी विषयों पर हर स्तर पर चर्चा करने के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा से बच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को डर है कि सदन में चर्चा होने पर उसकी राजनीति और कथित दोहरा रवैया जनता के सामने आ जाएगा।
‘संसद में आकर नीट समेत हर मुद्दे पर चर्चा करें विपक्ष’
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष को केवल आरोप लगाने के बजाय संसद के नियमों के तहत चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद नीट, परीक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं और एनडीए सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास युवाओं के मुद्दों को राजनीतिक रूप से इस्तेमाल करने का रहा है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने और उनके भविष्य को मजबूत करने का काम किया है।
‘युवाओं के लिए बढ़े हैं अवसर’
नितिन नवीन ने कहा कि देश में शिक्षा संस्थानों, कोचिंग सुविधाओं और रोजगार के नए अवसरों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि आज का युवा स्टार्टअप, आत्मनिर्भर भारत और नए अवसरों के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनाना है। सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है और परीक्षा से जुड़े मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फास्ट ट्रैक कोर्ट पर बोले- दोषियों को नहीं बख्शेंगे
पेपर लीक मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐलान पर नितिन नवीन ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाना है।
उन्होंने कहा कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से उन लोगों पर तेजी से कार्रवाई होगी, जो परीक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाते हैं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा सांसदों ने भी किया पीएम के फैसले का समर्थन
भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार युवाओं के हितों को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए छात्रों के भविष्य को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा और फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भाजपा सांसद मयंकभाई नायक ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संदेश के जरिए देश के युवाओं को भरोसा दिलाया है कि दोषियों को विशेष अदालतों के माध्यम से जल्द सजा मिलेगी, ताकि भविष्य में कोई भी छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने की हिम्मत न करे।
वहीं सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और विपक्ष द्वारा पैदा किए जा रहे भ्रम का उचित जवाब दिया जाएगा।
भाजपा सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य को बेहद गंभीरता से लेती है। उन्होंने कहा कि नीट में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत कदम उठाए जाएंगे।
‘चर्चा चाहिए तो नियमों के तहत नोटिस दें’
दामोदर अग्रवाल ने राहुल गांधी और विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि संसद नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार चलती है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष किसी मुद्दे पर चर्चा चाहता है तो उसे स्पीकर को उचित नोटिस देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष मांग तो कर रहा है, लेकिन चर्चा से बच रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसदों ने नीट मामले पर चर्चा के लिए स्पीकर को लिखित अनुरोध दिया है और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू भी सदन में सरकार की ओर से चर्चा के लिए तैयार रहने की बात कह चुके हैं।
नीट और पेपर लीक का मुद्दा अब संसद के अंदर और बाहर राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। सरकार जहां सख्त कार्रवाई और फास्ट ट्रैक कोर्ट को समाधान बता रही है, वहीं विपक्ष व्यवस्था में बदलाव और जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहा है।



