मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साकेत में एक युवक ने गली में खड़ी युवती को पहले गिफ्ट देने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद दोनों के बीच ऐसा घटनाक्रम हुआ कि युवक ने युवती को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। युवती ने भी युवक के गिफ्ट वाले बैग फेंक दिए और उन्हें लात मारकर नाली में डाल दिया। पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना 23 अक्टूबर की अपराह्न करीब 4 बजे की है। वीडियो में युवती गली में खड़ी दिखाई दे रही है। इसी दौरान युवक वहां पहुंचता है और युवती को गिफ्ट देने की कोशिश करता है। इसके बाद युवक अचानक युवती पर थप्पड़ों की बरसात कर देता है। युवक गिफ्ट के बैग भी फेंक देता है।
इस पर युवती भी अपने हाथ में पकड़ा काले रंग का बैग फेंक देती है। इसके बाद वह युवक की ओर से दिए गए दोनों गिफ्ट बैगों को लात मारकर नाली में डाल देती है। घटनाक्रम के बाद युवक वहां से चला जाता है और युवती भी उसके पीछे-पीछे चली जाती है।
करीब 10 दिन पुरानी बताई जा रही घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साकेत का है।
मामले में ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर पहचान कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है कि आखिरकार किन कारणों की वजह से मारपीट की नौबत आई। संबंधित मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

