लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उनके बयानों की भाषा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की मानसिकता सरकारी कर्मचारियों को गुलाम समझने की रही है। राजभर ने कहा कि पुलिस अधिकारियों को अपमानित करने और धमकी देने वाली भाषा का इस्तेमाल लाखों सरकारी नौकरी के अभ्यर्थियों का मनोबल गिराता है।
अखिलेश के बयानों पर साधा निशाना
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट में अखिलेश यादव के कथित बयानों ‘इसको उड़वा दूंगा’, ‘उसको उठवा लूंगा’ और ‘पुलिस से स्टेपनी बदलवाऊंगा’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अच्छी संगत से ही अच्छी भाषा आती है। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव की बड़ी-बड़ी डींगों पर उनके लोफर-लोडर ही तालियां बजा सकते हैं। उन्होंने सपा प्रमुख को रामपुर वाले चचाजान यानी आजम खान से एक्सपर्ट एडवाइस लेने की सलाह भी दी।
आजम खान का उदाहरण देकर किया सवाल
राजभर ने कहा कि करीब दस साल पहले आजम खान भी अखिलेश यादव की तरह ही सरकारी कर्मचारियों को गुलाम समझते थे। उनके मुताबिक, उस समय पुलिस से आजम खान की भैंस ढूंढने का काम कराया जाता था और सरकारी कर्मचारियों को ‘तनखइया’ कहकर संबोधित किया जाता था।
उन्होंने कहा कि दस साल बाद भी आजम खान की जुबान पूरी तरह नहीं बदली, हालांकि उसमें नरमी जरूर आई है। राजभर ने अखिलेश यादव से सवाल किया कि क्या आजम खान आज भी सरकारी कर्मचारियों को ‘तनखइया’ समझते हैं और क्या उनसे जूते साफ कराएंगे।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं का मनोबल गिरने का आरोप
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश में लाखों युवा मेहनत और लगन के साथ सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस और सरकारी कर्मचारियों के प्रति धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करना उनके मनोबल को प्रभावित करता है।
राजभर ने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में सरकारी व्यवस्था पर सैफई सिंडिकेट और उसके माफिया तंत्र का प्रभाव था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवा यह नहीं भूले हैं कि उस दौर में सरकारी कर्मचारियों को किस तरह ‘तनखइया’ और ‘गुलाम’ समझा जाता था।
योगी सरकार में योग्यता के आधार पर भर्ती का दावा
ओपी राजभर ने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़ी संख्या में युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर भर्ती किया गया है। ये पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की मदद करने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में माफियाराज समाप्त हो चुका है। राजभर ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारियों को अपना गुलाम समझने और उनसे मनमाने तरीके से काम कराने का सपना अब छोड़ देना चाहिए।

