Home » उत्तर प्रदेश » जालौन में ‘टीनशेड’ और ‘जंगला’ उखाड़कर दो सगे भाइयों के घर में चोरी, बाहर सोते रहे, नकदी-जेवर समेत लाखों का माल साफ

जालौन में ‘टीनशेड’ और ‘जंगला’ उखाड़कर दो सगे भाइयों के घर में चोरी, बाहर सोते रहे, नकदी-जेवर समेत लाखों का माल साफ

Facebook
Twitter
WhatsApp

उरई। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र से चोरी की एक बड़ी और दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। रामपुरा के ग्राम निनावली जागीर में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात अज्ञात शातिर चोरों ने एक ही अहाते में रहने वाले दो सगे परिवारों (चाचा-भतीजे) को अपना निशाना बनाया। चोरों ने बड़ी ही चालाकी से एक घर की टीनशेड उखाड़ी और दूसरे घर की खिड़की (जंगला) तोड़कर भीतर प्रवेश किया और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात सहित भारी नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गए। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जब चोर इस वारदात को अंजाम दे रहे थे, तब पीड़ित परिवार घर की छत और मुख्य दरवाजे के बाहर सो रहा था। सुबह जब आंख खुली तो घर के भीतर का नजारा देखकर पैरों तले जमीन खिसक गई।

एक ही रात में दो घरों को बनाया निशाना, ऐसे दिया वारदात को अंजाम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निनावली जागीर गांव के रहने वाले वीरसिंह (पुत्र त्रिभुवन) और उनके सगे भतीजे विपिन (पुत्र परम सिंह) के घर बीती रात चोरों ने धावा बोला। चोरों ने सबसे पहले भतीजे विपिन के घर को निशाना बनाया। उन्होंने घर के अंदर वाले कमरे की दीवार के ऊपर लगी टीनशेड को बेहद शातिर तरीके से ऊपर उठाया और घर के भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला चटकाया और उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषणों सहित लगभग 50 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

इसके बाद चोरों ने बगल में ही स्थित विपिन के चाचा वीरसिंह के घर का रुख किया। चोरों ने वीरसिंह के कमरे की लोहे की खिड़की (जंगला) को कटर या किसी भारी औजार से उखाड़ दिया और अंदर रखे भारी बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवर और करीब 60 हजार रुपये नगद बटोर लिए।

ALSO READ THIS :  मूसलाधार बारिश का कहर: नोएडा में भरभराकर गिरी जर्जर दीवार, मलबे में दबीं कई कारें, बड़ा हादसा टला

सोते रहे गृहस्वामी, सुबह सामान बिखरा देख उड़े होश

चोरी की इस सनसनीखेज वारदात के समय गृहस्वामी वीरसिंह भीषण गर्मी के कारण अपने घर की छत पर गहरी नींद में सो रहे थे, जबकि उनका भतीजा विपिन घर के मुख्य दरवाजे के बाहर सो रहा था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने बिना किसी आहट के पूरी तसल्ली से दोनों घरों को खंगाल डाला। रविवार की सुबह करीब 5 बजे जब विपिन की नींद खुली और वह रोजमर्रा के काम के लिए घर के अंदर गया, तो कमरों के ताले टूटे और सारा सामान जमीन पर बिखरा देख उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत शोर मचाते हुए छत पर सो रहे चाचा वीरसिंह को जगाया। जब वीरसिंह ने अपने कमरे की तरफ देखा तो वहां की खिड़की टूटी हुई थी। दोनों परिवारों को समझते देर नहीं लगी कि वे कंगाल हो चुके हैं।

पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम जांच में जुटी, जल्द खुलासे का दावा

“इलाके में एक ही परिसर में रहने वाले दो परिवारों के घरों में चोरी होने की लिखित सूचना मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही सिद्धपुरा चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार और थाना पुलिस की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही इस चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर माल बरामद कर लिया जाएगा।”

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें