Home » विविध इंडिया » राहुल गांधी ने लॉन्च किया ‘सत्याग्रह’ प्लेटफॉर्म, बोले- अपने हक के लिए अकेले लड़ रहे लोग अब जुड़ेंगे

राहुल गांधी ने लॉन्च किया ‘सत्याग्रह’ प्लेटफॉर्म, बोले- अपने हक के लिए अकेले लड़ रहे लोग अब जुड़ेंगे

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को ‘सत्याग्रह’ नाम से एक नई डिजिटल पहल की शुरुआत की। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य देशभर में अपने अधिकारों और विभिन्न मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे लोगों की आवाज को एक मंच पर लाना है। राहुल गांधी ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग अपने हक के लिए लड़ रहे हैं और कई बार उन्हें यह संघर्ष अकेले करना पड़ता है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस पहल की जानकारी देते हुए कहा कि जेन-जी, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित और महिलाएं अपने-अपने स्तर पर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर संघर्ष की अपनी कहानी है, लेकिन जब आवाज अकेले उठती है तो उसे दबा दिया जाना आसान होता है।

उन्होंने कहा कि ‘सत्याग्रह’ इन्हीं अलग-अलग आवाजों को एक नक्शे पर साथ लाने की पहल है। राहुल गांधी ने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सच सबसे बड़ा हथियार है, लेकिन उससे भी बड़ा हथियार एकता के साथ सच के पक्ष में खड़ा होना है।

इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोग अपने साथ हुए अन्याय, अपने संघर्ष और आंदोलन से जुड़ी जानकारी साझा कर सकेंगे। राहुल गांधी ने लोगों से अपील की कि यदि वे किसी अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं तो अपनी कहानी इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से भेजें। उनके मुताबिक, कहानी साझा करने में करीब दो मिनट लगेंगे और इसके बाद उसे नक्शे पर देखा जा सकेगा।

प्लेटफॉर्म की खासियत यह बताई गई है कि अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली शिकायतों और संघर्षों को इंटरैक्टिव मैप पर प्रदर्शित किया जाएगा। इससे समान मुद्दों से जूझ रहे लोगों को एक-दूसरे के संघर्षों की जानकारी मिल सकेगी और वे अपने मुद्दों को लेकर आपस में जुड़ सकेंगे।

ALSO READ THIS :  मेट्रो में बच्चों से मिले पीएम मोदी, किसी ने कहा- आपके जैसा बनना चाहता हूं तो किसी ने सुनाया गुरु मंत्र

राहुल गांधी ने कहा कि वह इन संघर्षों में लोगों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में यह उनकी जिम्मेदारी है कि जहां उनकी जरूरत हो, वहां वे लोगों की आवाज उठाएं। उन्होंने संसद में मुद्दा उठाने, सड़क पर साथ खड़े होने और संबंधित मामलों में पत्र लिखने समेत हर संभव तरीके से सहयोग करने की बात कही।

कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इस पहल के जरिए जमीनी स्तर पर उठने वाली आवाजों और आंदोलनों को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। छात्रों की फीस और परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, किसानों की समस्याओं, आदिवासी समुदाय के जल-जंगल-जमीन से जुड़े सवालों तथा दलितों और महिलाओं के अधिकारों से जुड़े मामलों को एक साझा डिजिटल मंच पर लाने की कोशिश है।

राहुल गांधी की यह पहल ऐसे समय सामने आई है जब कांग्रेस और विपक्षी दल विभिन्न मुद्दों को लेकर देशभर में विरोध कार्यक्रमों की घोषणा कर चुके हैं। विपक्षी INDIA गठबंधन ने भी 2 से 8 अक्टूबर के बीच जिला स्तर पर ‘सेव डेमोक्रेसी’ मार्च और अन्य कार्यक्रमों की घोषणा की है।

‘सत्याग्रह’ प्लेटफॉर्म के जरिए राहुल गांधी ने लोगों से अपने-अपने संघर्ष की जानकारी साझा करने और समान मुद्दों पर लड़ रहे लोगों से जुड़ने की अपील की है। इस पहल को डिजिटल माध्यम से स्थानीय स्तर के मुद्दों को सामने लाने और उन्हें व्यापक सार्वजनिक विमर्श से जोड़ने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें