संभल। श्रीहरिहर मंदिर और शाही जामा मस्जिद विवाद को लेकर पदयात्रा निकालने के ऐलान के बाद संभल में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। विवाद से जुड़े याचिकाकर्ता और मां कैलादेवी मंदिर के महंत ऋषिराज गिरी महाराज ने 19 नवंबर को पदयात्रा निकालने की घोषणा की है। हालांकि, प्रशासन की ओर से पदयात्रा को अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
विवादित स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
पदयात्रा के ऐलान को देखते हुए शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। खासतौर पर श्रीहरिहर मंदिर बनाम शाही जामा मस्जिद विवादित स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। यहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ रैपिड रिस्पांस फोर्स (आरआरएफ) के जवानों को भी लगाया गया है। अधिकारियों की ओर से पुलिस बल को सतर्क रहने और हालात पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी
शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय कर दिया गया है। कंट्रोल रूम से लगातार शहर के संवेदनशील स्थानों और विवादित स्थल के आसपास निगरानी की जा रही है। विशेष रूप से इन इलाकों में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने और पुलिस बल की तैनाती की निगरानी के लिए चंदौसी के क्षेत्राधिकारी को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पदयात्रा की अनुमति नहीं, लोगों से शामिल न होने की अपील
महंत ऋषिराज गिरी महाराज की ओर से 19 नवंबर को पदयात्रा निकालने का ऐलान किया गया था, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से पदयात्रा में शामिल नहीं होने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस और आरआरएफ की तैनाती के साथ लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न न हो।

