शाहजहांपुर। जिले के पुवायां थाना क्षेत्र में एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जनपदीय एसओजी, सर्विलांस सेल और पुवायां थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के बड़ागांव अंडरपास के पास मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
ग्राहक सेवा केंद्र बंद कर घर लौटते समय हुई थी लूट
अपर पुलिस अधीक्षक देहात भंवरे दीक्षा अरुण ने बताया कि पुवायां थाना क्षेत्र के गांव पटई, पोस्ट अनावा निवासी पवन कुमार एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते हैं। 16 नवंबर की शाम वह केंद्र बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अनावा चौराहे के मोड़ पर बाइक सवार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में नकदी और लैपटॉप रखा हुआ था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
एएसपी के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब ढाई बजे पुलिस टीम बड़ागांव अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि पुलिस को देखकर बाइक सवारों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।
शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी के निवासी हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्पित सक्सेना निवासी बड़ागांव थाना पुवायां, शाहजहांपुर, मौसम उर्फ आशुतोष निवासी सिसौरा नकूमपुर और नितिन गौतम निवासी सुआताली मुड़िया थाना मोहम्मदी, जनपद लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है।
तमंचे, कारतूस, लैपटॉप और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक लैपटॉप, एक बायोमैट्रिक डिवाइस और 20,020 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद लैपटॉप, बायोमैट्रिक डिवाइस और नकदी ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से हुई लूट से संबंधित हैं। वहीं, बरामद मोटरसाइकिल चोरी की बताई गई है।
तीनों का आपराधिक इतिहास खंगाला
एएसपी ने बताया कि अर्पित सक्सेना के खिलाफ आठ, मौसम उर्फ आशुतोष के खिलाफ पांच और नितिन गौतम के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
