मुज़फ़्फ़रनगर। स्ट्रीट डॉग के साथ कथित मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर डॉग लवर्स शुक्रवार को पुलिस ऑफिस पहुंचे। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर निवासी डॉग लवर अनाया चौधरी ने मोहल्ले की ही एक महिला के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अनाया चौधरी का आरोप है कि 11 जुलाई को आरोपी महिला ने मोहल्ले में रहने वाले एक स्ट्रीट डॉग को बुरी तरह पीटा। आरोप है कि मारपीट के बाद कुत्ते को गंभीर हालत में कहीं फेंक दिया गया। पीड़िता का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उसने इसका विरोध किया और महिला से कुत्ते के साथ इस तरह व्यवहार करने पर आपत्ति जताई।
आरोप है कि विरोध करने पर महिला ने उसके साथ अभद्रता की और धमकी दी। अनाया का यह भी आरोप है कि इसके बाद उसे अलग-अलग मोबाइल नंबरों से धमकियां दी जा रही हैं। इस पूरे मामले को लेकर पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।
अनाया के मुताबिक, घटना के संबंध में पहले चौकी पर भी तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अभी तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह पुलिस ऑफिस पहुंची और अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
पीड़िता ने मौके पर हुई कथित बदसलूकी का वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। अब पुलिस शिकायत और वीडियो की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
फिलहाल महिला पर लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं। मामले में आरोपी पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है।



