Home » उत्तराखंड » उत्तराखंड में नकली दवाइयों का बड़ा भंडाफोड़, एसटीएफ ने फैक्ट्री पर मारा छापा, भारी मात्रा में अवैध शराब भी बरामद

उत्तराखंड में नकली दवाइयों का बड़ा भंडाफोड़, एसटीएफ ने फैक्ट्री पर मारा छापा, भारी मात्रा में अवैध शराब भी बरामद

Facebook
Twitter
WhatsApp

देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने ऊधमसिंहनगर जिले के बाजपुर औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली एलोपैथिक दवाइयों के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान लाखों रुपये की नकली दवाइयों के साथ भारी मात्रा में अवैध शराब और पैकेजिंग सामग्री भी बरामद की गई। मामले में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

एसटीएफ के अनुसार बाजपुर स्थित कोविल बायोटैक नामक इकाई पर छापेमारी के दौरान यह खुलासा हुआ कि आयुर्वेदिक एवं फूड लाइसेंस की आड़ में देश की कई प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम से नकली एलोपैथिक और जीवन रक्षक दवाइयों का निर्माण किया जा रहा था। मौके से बुलंदशहर निवासी धीरेंद्र पुत्र ब्रह्म सिंह को गिरफ्तार किया गया।

एक लाख से अधिक टैबलेट और हजारों सिरप की बोतलें बरामद

जांच में पता चला कि आरोपी स्टैडमेड, मैकलियोड्स, इंटास और सन फार्मा जैसी नामी कंपनियों के ब्रांड नाम का दुरुपयोग कर नकली दवाइयां तैयार कर बाजार में सप्लाई कर रहा था। छापेमारी के दौरान करीब एक लाख टैबलेट और लगभग 15 हजार सिरप की बोतलें बरामद की गईं।

बरामद दवाइयों का इस्तेमाल अम्लता, संक्रमण, दर्द, नसों की बीमारी, प्रोस्टेट, कैल्शियम और आयरन की कमी जैसे कई गंभीर रोगों के उपचार में किया जाता है। ऐसे में नकली दवाइयों का बाजार में पहुंचना लोगों की सेहत के लिए बड़ा खतरा माना जा रहा है।

गोदाम से मिली अवैध शराब और आबकारी सामग्री

आरोपी की निशानदेही पर एसटीएफ ने राष्ट्रीय राजमार्ग-74 स्थित एक गोदाम पर भी छापा मारा। यहां से भारी मात्रा में तैयार नकली दवाइयों के अलावा अवैध शराब, उत्तराखंड आबकारी विभाग के होलोग्राम, रैपर, ढक्कन और पैकिंग सामग्री बरामद की गई।

ALSO READ THIS :  बद्रीनाथ धाम में घोटाले पर भड़के सीएम धामी: बोले- 'यह गौहत्या और माता-पिता के वध जैसा महापाप, किसी भी दोषी को बख्शेगी नहीं सरकार'

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह हरियाणा से अवैध शराब मंगाकर उत्तराखंड में उसकी सप्लाई भी करता था।

नकली दवाइयों के साथ मशीनें भी जब्त

कार्रवाई के दौरान अल्कासोल, सेफीफीन-200, सनक्लेव, गैबैपिन, वेल्टम, रुबर्ड सस्पेंशन, ऑस्टोकैल्शियम बी-12 और सोमप्राज जैसी दवाइयों के नाम से तैयार बड़ी मात्रा में नकली उत्पाद बरामद किए गए।

इसके अलावा पैकेजिंग मशीनें, स्टेनलेस स्टील टैंक, फिलिंग मशीन, सीलिंग मशीन, लेबलिंग मशीन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए, जिनका उपयोग नकली दवाइयों के निर्माण और पैकिंग में किया जा रहा था।

हजारों शराब की बोतलें भी जब्त, नेटवर्क की जांच जारी

एसटीएफ ने मौके से 1,632 क्वार्टर मैकडॉवेल नंबर-1, 1,016 बोतल तृतीय आरसीएस शराब, 1,000 खाली कांच की बोतलें और उत्तराखंड आबकारी विभाग के होलोग्राम भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बाजपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अवैध शराब की बरामदगी के मामले में आबकारी अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें