उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगनानी धर्मकुंड के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सात लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि अन्य संभावित यात्रियों की तलाश के लिए नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
धर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे नदी में गिरी कार
जानकारी के मुताबिक, गंगनानी धर्मकुंड से लगभग 20 मीटर आगे डबरानी की ओर इनोवा कार अचानक अनियंत्रित हो गई और नदी में जा गिरी। घटना की सूचना डेल्टा के माध्यम से मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया गया। नदी किनारे चार लोगों के शव मिलने के बाद उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। वहीं, वाहन में सवार अन्य लोगों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोरों को लगाया गया है।
तेज बहाव के बीच चल रहा सर्च ऑपरेशन
नदी का तेज बहाव राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसके बावजूद रेस्क्यू टीमें लगातार नदी के संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही हैं। हादसे में घायल एक व्यक्ति को मनेरी पुलिस की सहायता से सड़क तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उसे तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
प्रशासन ने आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा दल को हाई अलर्ट पर रखा है। मौके पर मौजूद अधिकारियों को बचाव अभियान में तेजी लाने और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी कर रहे निगरानी, हादसे के कारणों की जांच
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से दुर्घटना में प्रभावित लोगों के परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।
गंगनानी के समीप हुए इस हादसे ने पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान सतर्कता और सुरक्षा की अहमियत को फिर से सामने ला दिया है। फिलहाल नदी में गिरे वाहन में सवार अन्य लोगों की तलाश जारी है। बरामद शवों की पहचान और दुर्घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

