Home » विविध इंडिया » वन्यजीव संरक्षण के लिए वनतारा की बड़ी पहल, मेडागास्कर सरकार से 10 साल का समझौता; तस्करी के शिकार जीवों की होगी घर वापसी

वन्यजीव संरक्षण के लिए वनतारा की बड़ी पहल, मेडागास्कर सरकार से 10 साल का समझौता; तस्करी के शिकार जीवों की होगी घर वापसी

Facebook
Twitter
WhatsApp

जामनगर। वन्यजीवों के संरक्षण और अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में वनतारा ने मेडागास्कर सरकार के साथ 10 साल का समझौता किया है। इस समझौते के तहत विदेशों में जब्त किए गए मेडागास्कर मूल के वन्यजीवों को उनके देश वापस लाने, उनका उपचार कराने और अनुकूल परिस्थितियों में प्राकृतिक आवास में छोड़ने के प्रयासों में वनतारा सहयोग करेगा। इसके साथ ही वनतारा ने भारत के CITES प्रबंधन प्राधिकरण से 19 अगस्त को किए गए अपने वादे को भी पूरा किया है।

लीमर की 90 प्रतिशत प्रजातियों पर विलुप्त होने का खतरा

अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) के मुताबिक, मेडागास्कर में ही पाई जाने वाली लीमर की करीब 90 प्रतिशत प्रजातियों पर विलुप्त होने का खतरा मंडरा रहा है। प्राकृतिक आवास का लगातार नुकसान और वन्यजीवों की अवैध तस्करी इन प्रजातियों के अस्तित्व के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में मेडागास्कर के वन्यजीवों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वन्यजीवों की वापसी से लेकर उपचार तक में करेगा सहयोग

समझौते के तहत वनतारा विदेशों में जब्त मेडागास्कर के वन्यजीवों की सुरक्षित स्वदेश वापसी में मदद करेगा। इसके लिए वन्यजीवों की स्वास्थ्य जांच, आवश्यक उपचार और सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था में सहयोग दिया जाएगा। इसके अलावा वैज्ञानिक अनुसंधान और पुनर्वास से जुड़ी गतिविधियों में भी सहायता की जाएगी।

वनतारा मेडागास्कर के स्थानीय वन्यजीव विशेषज्ञों को प्रशिक्षण भी देगा, ताकि वहां वन्यजीव संरक्षण और पुनर्वास से जुड़ी स्थानीय क्षमताओं को मजबूत किया जा सके। इसके साथ ही राष्ट्रीय वन्यजीव बचाव एवं पुनर्वास केंद्र के निर्माण में भी सहयोग की संभावना है।

ALSO READ THIS :  इंडोनेशिया में वन्यजीव संरक्षण की नई पहल, वनतारा और सरकार के बीच बड़ी साझेदारी

प्राकृतिक आवास में छोड़ने का फैसला मेडागास्कर सरकार का होगा

समझौते के तहत वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ने की प्रक्रिया वैज्ञानिक जांच और आवश्यक परिस्थितियों के आकलन के आधार पर आगे बढ़ेगी। इस संबंध में अंतिम निर्णय मेडागास्कर सरकार का होगा। यानी किसी भी वन्यजीव को जंगल में छोड़ने से पहले उसकी सेहत, सुरक्षा और प्राकृतिक वातावरण में जीवित रहने की क्षमता को ध्यान में रखा जाएगा।

स्थानीय संरक्षण व्यवस्था को मजबूत करना प्राथमिकता: विवान करानी

वनतारा के सीईओ विवान करानी ने कहा, “इन प्रजातियों को उनके प्राकृतिक आवास में संरक्षण देना हमारी दस वर्षीय संरक्षण रणनीति के केंद्र में है। हमारी प्राथमिकता वन्यजीवों के मूल देश में उनके संरक्षण के लिए काम कर रहे लोगों और संस्थाओं को मजबूत करना है।”

इस समझौते के जरिए वनतारा और मेडागास्कर सरकार के बीच वन्यजीव संरक्षण, अवैध तस्करी से प्रभावित प्रजातियों के पुनर्वास और स्थानीय विशेषज्ञों की क्षमता बढ़ाने के क्षेत्र में लंबे समय तक सहयोग का रास्ता खुलेगा।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें