Home » उत्तर प्रदेश » PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर यूपी में ‘सेवा संकल्प अभियान’! 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेंगे 11 बड़े कार्यक्रम

PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर यूपी में ‘सेवा संकल्प अभियान’! 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेंगे 11 बड़े कार्यक्रम

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित पत्रकार वार्ता में अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा के रूप में सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल राजनीतिक जीवन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें देश के विकास, जनकल्याण और भारत की वैश्विक भूमिका को मजबूत करने का प्रयास दिखाई देता है।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हेड ऑफ स्टेट के रूप में 7 अक्टूबर को 25 वर्ष पूरे होंगे। इसी उपलक्ष्य में 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ से लेकर 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, उनकी नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और संगठन से जुड़े लोग जनता के बीच जाएंगे तथा प्रधानमंत्री के कार्यकाल के विभिन्न पहलुओं से लोगों को अवगत कराएंगे। अभियान के तहत प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों और उनके नेतृत्व में देश में हुए बदलावों को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा।

गुजरात मॉडल से लेकर देश के विकास तक का किया उल्लेख

सीएम योगी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में वहां कल्याणकारी योजनाओं के साथ आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया। उनके मुताबिक गुजरात को ऐसा प्रदेश बनाने की दिशा में काम किया गया, जो विकास और तकनीक के क्षेत्र में दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बना।

ALSO READ THIS :  मुज़फ़्फ़रनगर में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ, कपिलदेव अग्रवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सराहा

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद भी नरेंद्र मोदी ने ऐसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीन पर उतारा, जिनकी पहले कल्पना करना भी मुश्किल माना जाता था। योगी ने दावा किया कि 2014 के बाद भारत के विकास और वैश्विक प्रभाव में तेजी आई और देश ने दुनिया के सामने ‘नए भारत’ की तस्वीर पेश की।

वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ी भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का अवलोकन करने पर समग्र विकास का स्पष्ट विजन दिखाई देता है। उन्होंने जिस योजना की कल्पना की, उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया। इसका असर देश के आर्थिक और सामाजिक विकास के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका में भी दिखाई देता है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया के कई देशों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मानों से सम्मानित किया है। उन्होंने भारत में जी-20 के सफल आयोजन और ब्रिक्स सम्मेलन के आयोजन का उल्लेख करते हुए कहा कि ये घटनाएं वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती स्वीकार्यता और प्रभाव का संकेत हैं।

विरासत और संस्कृति के संरक्षण पर भी जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को गुलामी की मानसिकता से बाहर निकालने के साथ ही भारतीय विरासत और संस्कृति के संरक्षण तथा सम्मान की दिशा में भी काम किया है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि 500 वर्षों के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ।

उन्होंने प्रयागराज में महाकुंभ के सफल आयोजन का भी जिक्र किया। योगी ने कहा कि महाकुंभ ने भारत की सांस्कृतिक शक्ति और समृद्ध विरासत को दुनिया के सामने रखने का काम किया। उनके अनुसार भारत अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को आधुनिक विकास के साथ आगे बढ़ा रहा है।

ALSO READ THIS :  अमेठी के संजय गांधी अस्पताल में मरीज की मौत के बाद बवाल, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, जांच के आदेश

‘केवल राजनीतिक यात्रा नहीं, सेवा और समर्पण का दौर’

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं हैं, बल्कि यह सेवा और समर्पण का ऐसा दौर है, जिसने देश के विकास, जनकल्याण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण को नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री की इसी लंबी सार्वजनिक यात्रा को जनता के बीच ले जाने का माध्यम बनेगा। अभियान के जरिए केंद्र सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में हुए बदलावों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

‘लोकल फॉर वोकल’ से औद्योगिक विकास को मिली गति: पंकज चौधरी

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘लोकल फॉर वोकल’ के आह्वान का असर अब देश के औद्योगिक विकास में दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार आज भारत में चिप से लेकर शिप तक के निर्माण की दिशा में काम हो रहा है।

पंकज चौधरी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश की पहचान बदलने का काम किया है। प्रदेश एक्सप्रेसवे के हब के रूप में विकसित हुआ है और केंद्र सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

11 प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए जनता तक पहुंचेगा अभियान

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। अभियान के दौरान 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों, नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

ALSO READ THIS :  अयोध्या में बड़ा बवाल: चंपत राय समेत 4 के खिलाफ FIR के लिए सड़कों पर उतरे वकील,आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी

भाजपा की ओर से इस अभियान को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को जनता के बीच ले जाने और उनके कार्यकाल की उपलब्धियों को रेखांकित करने के बड़े कार्यक्रम के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।

 

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें