मुज़फ़्फ़रनगर। सड़क की बदहाली और बारिश के बाद गली में होने वाले जलभराव से परेशान सैनिक विहार की महिलाओं का गुस्सा बुधवार दोपहर करीब 12 उस वक्त सामने आया, उन्होंने DM कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और सड़क निर्माण की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा।
महिलाओं ने बताया कि जिम वाली गली और मंदिर के सामने की सड़क काफी समय से टूटी-फूटी हालत में पड़ी है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और खराब हो जाती है।
स्थानीय महिलाओं का कहना है कि जलभराव के कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और राहगीरों को होती है। बच्चों को स्कूल आने-जाने के दौरान पानी और गड्ढों से होकर निकलना पड़ता है। वहीं, आम लोगों के लिए भी गली से निकलना मुश्किल हो जाता है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं के मुताबिक, सड़क की समस्या को लेकर वे कई बार वार्ड मेम्बर से शिकायत कर चुकी हैं। उनका आरोप है कि बार-बार समस्या बताने के बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। महिलाओं का कहना है कि स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने के बाद उन्हें जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचना पड़ा।
महिलाओं ने डीएम को दिए ज्ञापन में संबंधित विभाग और अधिकारियों को मौके की स्थिति का निरीक्षण कराकर गली का जल्द निर्माण कराने के निर्देश देने की मांग की। उनका कहना है कि सड़क निर्माण के साथ जलभराव की समस्या का भी स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि बरसात में बच्चों और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।

