Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में सीए पर करोड़ों की वित्तीय धांधली के आरोप: जांच की मांग लेकर SSP दफ्तर पहुंचा हिंदू रक्षा दल, फर्जी बिलिंग और बोगस फर्मों से लेकर GST चोरी का आरोप

मुजफ्फरनगर में सीए पर करोड़ों की वित्तीय धांधली के आरोप: जांच की मांग लेकर SSP दफ्तर पहुंचा हिंदू रक्षा दल, फर्जी बिलिंग और बोगस फर्मों से लेकर GST चोरी का आरोप

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) और उसके सहयोगियों पर करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय गड़बड़ी, फर्जी लेन-देन और टैक्स चोरी के आरोपों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। हिंदू रक्षा दल और बजरंगी सेना के पदाधिकारी शुक्रवार को SSP कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। दूसरी ओर, आरोपित सीए ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे ब्लैकमेलिंग की कोशिश बताया है।

हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष शंकी शर्मा और बजरंगी सेना के अध्यक्ष सुमित बजरंगी ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि मंडी क्षेत्र निवासी एक सीए और उसके सहयोगी लंबे समय से फर्जी बिलिंग और कथित बोगस फर्मों—जैसे एस.एस. पब्लिकेशन, संगम प्रकाशन और हर्ष एंटरप्राइजेज—के जरिए फर्जी लेन-देन कर बड़े पैमाने पर जीएसटी और टैक्स चोरी कर रहे हैं।

संगठनों का दावा है कि प्रारंभिक स्तर पर करीब 5 करोड़ रुपये के लेन-देन का मामला सामने आया है, जबकि उनके अनुसार यह कथित घोटाला कई सौ करोड़ रुपये तक का हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कथित नेटवर्क के जरिए मुज़फ़्फ़रनगर, दिल्ली और देहरादून तक संपत्तियां खड़ी की गई हैं। पदाधिकारियों ने यह भी दावा किया कि इस संबंध में गाज़ियाबाद में भी शिकायत की जा चुकी है।

ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच समिति गठित की जाए, कथित वित्तीय लेन-देन की गहन पड़ताल कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

ALSO READ THIS :  पूर्व गवर्नर सत्यपाल मलिक को श्रद्धांजलि, नरेश टिकैत और सांसद हरेंद्र मलिक ने मंच से कही बड़ी बात

उधर, आरोपित सीए ने फोन पर बातचीत में सभी आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि यह दो निजी पक्षों के बीच लेन-देन का मामला था, जिसे आपसी सहमति से सुलझा लिया गया है।

सीए ने आरोप लगाया कि कुछ लोग हिंदूवादी संगठनों का नाम लेकर उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहे हैं और उनसे 25 लाख रुपये की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही जिलाधिकारी और एसएसपी से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करेंगे और कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे।

फिलहाल दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई और पुलिस की पड़ताल के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें