मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में सरकारी पुलिस वाहन के कथित दुरुपयोग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में तीन युवक पुलिस की चीता मोबाइल बाइक पर सवार होकर शहर की सड़कों पर घूमते दिखाई दे रहे हैं। दावा है कि बाइक पर सवार युवक सायरन भी बजा रहे थे। खास बात यह है कि बाइक चरथावल थाने की बताई जा रही है, जबकि वीडियो नगर कोतवाली क्षेत्र के मिमलाना रोड का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में एक सरकारी पुलिस बाइक पर तीन युवक दिखाई दे रहे हैं। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति भी उनके साथ बातचीत करता नजर आता है। खास बात ये कि बाइक पर सवार तीनों युवकों में से कोई भी पुलिसकर्मी अथवा सरकारी कर्मचारी नहीं है। ऐसे में सरकारी चीता बाइक पर तीन निजी युवकों के सवार होकर घूमने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस वाहन के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
वीडियो में दिखाई दे रही चीता बाइक का नंबर UP12AG0346 है और यह बाइक चरथावल क्षेत्र में तैनात पुलिस वाहन बताई जा रही है। अगर वाहन वास्तव में चरथावल थाने का है तो फिर वह नगर कोतवाली क्षेत्र के मिमलाना रोड पर तीन निजी युवकों के पास कैसे पहुंची, यह जांच का विषय है।
वीडियो में युवक बाइक पर घूमते हुए नजर आ रहे हैं और सायरन बजने की आवाज भी सुनाई देने की बात कही जा रही है। सरकारी पुलिस वाहन पर सायरन और पुलिस उपकरण लगे होने के कारण उसका निजी इस्तेमाल किए जाने का आरोप मामले को और गंभीर बनाता है।
हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मुजफ्फरनगर पुलिस के ऑफिशल ट्विटर हैंडल से सफाई दी गई है कि प्रकरण मे थाना चरथावल पुलिस की मोटरसाइकिल में तकनीकी खराबी होने के कारण मरम्मत हेतु भेजा गया था। मरम्मत के उपरांत वाहन वापस प्राप्त हो गया है। संबंधित वाहन चालक को आवश्यक हिदायत दी गई है।

