मुज़फ़्फ़रनगर। नगर कोतवाली क्षेत्र के रुड़की चुंगी में चोरों ने पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने बीती सोमवार–मंगलवार रात करीब 2 बजे एक ATM के पीछे की दीवार को तोड़कर उससे सटी मोबाइल की दुकान में घुसने का रास्ता बनाया और रात के अंधेरे में लाखों रुपये का सामान समेटकर फरार हो गए। चोरी की यह वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान में जुट गई है।

आपको जानकर इस बात की हैरत होगी कि बदमाशों ने वारदात को अचानक अंजाम नहीं दिया, बल्कि पहले पूरे इलाके की रेकी की। दिन के समय दुकान और आसपास के हालात को समझने के बाद रात में चोरी की योजना को अंजाम दिया गया। रात में मौका देखकर बदमाश ATM के अंदर पहुंचे और फिर दुकान की पिछली दीवार को तोड़ दिया।

दीवार में रास्ता बनाने के बाद बदमाश दुकान के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखे मोबाइल फोन, लाखों की नकदी और अन्य सामान को निशाना बनाया। बदमाशों ने काफी देर तक दुकान के अंदर रहकर सामान खंगाला और जो सामान हाथ लगा, उसे लेकर मौके से फरार हो गए। सुबह दुकान खुलने पर व्यापारी को चोरी की जानकारी हुई तो इलाके में हड़कंप मच गया।
चोरी की सबसे अहम कड़ी दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरे हैं। फुटेज में बदमाश दुकान के अंदर घुसते और चोरी की वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, दिन के समय में रैकी करने के मकसद से दुकान में आए संदिग्धों की गतिविधि भी साफ तौर पर दिखाई दी। CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस अब बदमाशों की पहचान के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी के बाद वे किस रास्ते से फरार हुए।
घटना का तरीका भी पुलिस के लिए अहम माना जा रहा है। बदमाशों ने सीधे दुकान का शटर या मुख्य दरवाजा तोड़ने के बजाय ATM के पीछे की दीवार से दुकान में दाखिल होने का रास्ता बनाया। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने दुकान और आसपास के इलाके की पहले से निगरानी की थी।
मोबाइल की दुकान में हुई चोरी के बाद व्यापारियों में भी नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि रुड़की चुंगी जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह दुकान की दीवार तोड़कर चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। व्यापारियों ने पुलिस से CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्द पकड़ने और चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है।
फिलहाल नगर कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की आवाजाही और फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती CCTV में दिखाई दे रहे संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना और चोरी गए सामान की बरामदगी करना है।

