नई दिल्ली/ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बस में आग लगने की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बस में आग लगने से लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है।
मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।” उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में लगी आग की घटना से बहुत दुखी हूं, जिसमें कई कीमती जानें चली गईं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इस घटना में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में हुई मौतों के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ।
उन्होंने कहा, “जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।” साथ ही, प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि मृतकों के निकटतम परिजनों को ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष’ से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे। इससे पहले, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। बता दें कि ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में देर रात यह हादसा हुआ, जिसमें कम से कम 9 लोगों की आग की चपेट में आने से मौत हो गई। कुल 30 लोगों को पुलिस और बचाव दल ने सुरक्षित बचाया। यह बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी। इस घटना के बाद पुलिस ने बस चालक और परिचालक को हिरासत में लिया है।

