Home » उत्तराखंड » हरिद्वार में मैकेनिक हैप्पी हत्याकांड का खुलासा, मुठभेड़ में शूटर के पैर में लगी गोली; दूसरा बदमाश फरार

हरिद्वार में मैकेनिक हैप्पी हत्याकांड का खुलासा, मुठभेड़ में शूटर के पैर में लगी गोली; दूसरा बदमाश फरार

Facebook
Twitter
WhatsApp

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में मोटरसाइकिल मैकेनिक हैप्पी की सरेआम गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद हत्या में शामिल एक कथित शूटर को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भी अस्पताल पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। वहीं, मुठभेड़ के दौरान दूसरा आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह में 26 वर्षीय मोटरसाइकिल मैकेनिक हैप्पी अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और उन्होंने हैप्पी पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में हैप्पी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई थीं। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी और हत्या के पीछे की वजह के साथ ही वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे थे।

ALSO READ THIS :  आसमान से आफत का अलर्ट! यूपी-उत्तराखंड समेत कई राज्यों में गरजेंगे बादल, तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली का खतरा

इसी बीच शुक्रवार देर रात पुलिस को आरोपियों की लोकेशन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बहादराबाद और दौलतपुर के बीच जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई।

मुठभेड़ के दौरान दूसरा आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहारनपुर निवासी शूटर मुदस्सिर के रूप में बताई गई है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि हैप्पी की हत्या की वजह क्या थी और इस वारदात की साजिश में और कौन कौन लोग शामिल थे। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से मिले साक्ष्यों के साथ सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस हत्याकांड की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

हैप्पी की हत्या के बाद से ही पुलिस पर मामले के जल्द खुलासे का दबाव था। अब एक कथित शूटर की गिरफ्तारी के बाद जांच को आगे बढ़ाने में पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। हालांकि, हत्या की वजह और फरार आरोपी की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में पहचान छिपाकर हिंदू युवती से शादी,फिर धर्म परिवर्तन का दबाव, युवती पहुंची SSP दफ्तर,लगाई न्याय की गुहार
[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें