मुज़फ़्फ़रनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के भगत सिंह रोड स्थित सर्राफा बाजार चौक स्थित प्रसिद्ध श्याम ज्वैलर्स की दुकान में शनिवार देर शाम करीब 7 बजे अचानक भीषण आग लग गई। जिस समय आग लगी, दुकान पूरी तरह बंद थी। आग की लपटें और धुआं दिखाई देने पर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फायर ब्रिगेड अधिकारी एफएसओ आरके यादव के अनुसार, शुरुआती जांच में दुकान के अंदर लगे इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट होने की बात सामने आई है। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी पास में रखी बैठने वाली बेंच की फोम सीट पर गिरी, जिससे आग भड़क गई। फोम ने आग पकड़ने के बाद कुछ ही समय में आग को तेजी से फैलने में मदद की और दुकान का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया।
आग लगने के समय दुकान बंद होने के कारण अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से पहले नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाला। काफी मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझाई गई।
दुकान के अंदर ज्वैलरी और अन्य कीमती सामान मौजूद था। आग से सामान जलने और क्षतिग्रस्त होने के कारण कारोबारी को भारी नुकसान होने की आशंका है। प्रारंभिक आकलन में नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन दुकान के अंदर मौजूद सामान और ज्वैलरी की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
आपको बता दें कि आग तब लगी, जब सर्राफ शाम को दुकान बंद करके अपने घर लौट गए थे। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर करीब एक घंटे में काबू पाया, जबकि तमाम औपचारिकता पूरी करने में भी करीब एक घंटे का वक्त लगा। जिस कारण टीम को रात करीब 9 बजे के बाद ही मौके से लौटना पड़ा।

