नोएडा। शारदीय नवरात्रि के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की टीम ने दादरी की नई बस्ती स्थित कम्युनिटी प्राइवेट लिमिटेड के परिसर में छापेमारी की। जांच के दौरान टीम ने करीब 240 लीटर घी और 18 किलोग्राम मिर्च पाउडर सीज कर दिया। इसके साथ ही घी, मिर्च पाउडर, मखाना, सरसों का तेल और कुट्टू के आटे समेत छह खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की तैयारी की गई।
यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में की गई। टीम ने परिसर में उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और लेबलिंग की जांच की। इस दौरान उत्पादों पर दर्ज जानकारियों और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की पड़ताल की गई।
घी के पैकेटों पर मिली भ्रामक जानकारी
खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में घी के पैकेटों पर विटामिन और मिनरल्स मौजूद होने संबंधी जानकारी अंकित मिली, जिसे टीम ने भ्रामक माना। इस पर कार्रवाई करते हुए करीब 240 लीटर घी सीज कर लिया गया। मौके पर अवतार ब्रांड के घी और गाय के घी समेत अन्य खाद्य पदार्थों की भी जांच की गई।
पैकिंग तिथि और बैच नंबर नहीं होने पर मिर्च पाउडर सीज
जांच के दौरान करीब 18 किलोग्राम मिर्च पाउडर पर पैकिंग तिथि और बैच नंबर दर्ज नहीं पाए गए। खाद्य पदार्थों की पहचान, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण विभागीय टीम ने मिर्च पाउडर को भी सीज कर दिया।
छह नमूनों की रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
छापेमारी के दौरान घी, मिर्च पाउडर, मखाना, सरसों का तेल और कुट्टू के आटे सहित खाद्य पदार्थों के कुल छह नमूने जांच के लिए लिए गए। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके आधार पर विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।
कारोबारियों को दिए जरूरी निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वाले विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि वे केवल लाइसेंसधारी या पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही सामान खरीदें और खरीद से संबंधित बिल सुरक्षित रखें। साथ ही, खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री के दौरान निर्माण तिथि, पैकिंग तिथि और बैच नंबर की जांच सुनिश्चित करें।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर गुणवत्ता की निगरानी के लिए छापेमारी अभियान जारी रहेगा। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करना है।

