मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक ऐसी करवट बदली कि दिन में ही रात कर दी। सुबह करीब 8:45 बजे आसमान में घने काले काले बादल छाने से दिन में ही अंधेरा छा गया। सूरज निकलने से पहले ही आसमान का रंग बदलकर पूरी तरह से काला हो गयाऔर देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश के दौरान आसमान में बिजली भी कड़कती रही।
सुबह-सुबह मौसम में आए इस बदलाव से रोजमर्रा के काम और ड्यूटी पर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह के समय सड़कों पर निकलने वाले लोगों के लिए तेज बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दीं। खासकर दुपहिया वाहन चालकों के लिए ये सुबह सवेरे से शुरू हुई बारिश मुसीबत का सबब बन गई।
हालांकि चौपहिया वाहन चालकों को भी फोग लाइट, हेड लाइट या फिर इंडीकेटर के साथ ही आगे बढ़ना पड़ा। अचानक अंधेरा छाने और बारिश शुरू होने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।
इस बारिश की वजह से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा की रफ्तार करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
सुबह के समय घने बादलों, तेज हवाओं और बिजली की गड़गड़ाहट के बीच हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कामकाज के लिए घरों से निकले लोगों को बारिश के चलते परेशानी झेलनी पड़ी।

