नई दिल्ली। शेयर बाजार में दमदार लिस्टिंग के बाद रिलायंस जियो के लिए मोबाइल ग्राहकों के मोर्चे पर भी अच्छी खबर सामने आई है। सितंबर महीने में जियो ने अपने प्रतिद्वंद्वी भारती एयरटेल के मुकाबले करीब 10 गुना ज्यादा कोर मोबाइल ग्राहक जोड़े हैं। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) की सितंबर की रिपोर्ट पर आधारित DAM Capital और IIFL Capital के विश्लेषण में यह जानकारी सामने आई है।
आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में मशीन-टू-मशीन (M2M) कनेक्शन हटाने के बाद जियो के मोबाइल ग्राहकों की संख्या में 19 लाख की बढ़ोतरी हुई। वहीं, एयरटेल के ग्राहकों की संख्या केवल 2 लाख बढ़ी। इस तरह जियो ने एयरटेल से करीब 10 गुना अधिक कोर मोबाइल ग्राहक अपने नेटवर्क से जोड़े।
देश में नए कोर मोबाइल ग्राहकों में जियो की 86 फीसदी हिस्सेदारी
सितंबर के दौरान देश में कोर मोबाइल ग्राहकों की कुल संख्या में करीब 22 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसमें अकेले जियो की हिस्सेदारी लगभग 86 फीसदी रही। यह आंकड़ा मोबाइल टेलीकॉम बाजार में जियो की मजबूत स्थिति को दर्शाता है।
यहां कोर मोबाइल ग्राहकों से आशय उन मोबाइल ग्राहकों से है, जिनकी गणना करते समय मशीनों और अन्य उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले मशीन-टू-मशीन (M2M) कनेक्शन को शामिल नहीं किया जाता।
एक्टिव यूजर्स के मामले में भी जियो आगे
सक्रिय मोबाइल यूजर्स के मामले में भी सितंबर के दौरान जियो ने बेहतर प्रदर्शन किया। DAM Capital की रिपोर्ट के अनुसार, M2M कनेक्शन हटाकर की गई गणना में जियो के एक्टिव यूजर्स की संख्या 13 लाख बढ़ी। इसके उलट एयरटेल और वोडाफोन आइडिया के सक्रिय ग्राहकों में गिरावट दर्ज की गई।
सितंबर में एयरटेल के एक्टिव यूजर्स करीब 2 लाख और वोडाफोन आइडिया के 3 लाख घट गए। इसके बावजूद देशभर में सक्रिय मोबाइल यूजर्स की कुल संख्या में करीब 6 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस बढ़ोतरी में जियो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कुल मोबाइल ग्राहकों में भी जियो की बढ़त बरकरार
TRAI के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर के अंत तक कुल मोबाइल ग्राहकों की संख्या के मामले में भी रिलायंस जियो पहले स्थान पर बना रहा। जियो के पास 51.11 करोड़ मोबाइल ग्राहक थे, जबकि भारती एयरटेल का ग्राहक आधार 49.43 करोड़ दर्ज किया गया।
वहीं, वोडाफोन आइडिया के पास 20.01 करोड़ और सरकारी दूरसंचार कंपनी BSNL के पास 9.43 करोड़ मोबाइल ग्राहक थे। इन कुल आंकड़ों में M2M कनेक्शन भी शामिल हैं।
सितंबर के आंकड़े बताते हैं कि कोर मोबाइल ग्राहकों को जोड़ने और सक्रिय यूजर्स की संख्या बढ़ाने के मामले में जियो ने मजबूत प्रदर्शन किया है। हालांकि, कुल मोबाइल ग्राहक आधार में जियो और एयरटेल के बीच मुकाबला अब भी कड़ा बना हुआ है।

