लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश आधुनिक रेल परिवहन और युवाओं के कौशल विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चलने वाली अत्याधुनिक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नई रेल सेवा से व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी काशी से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक रेल संपर्क को नई गति देने के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने इसे नए उत्तर प्रदेश के लिए आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
लखनऊ में कौशल प्रशिक्षण और रोजगार योजना का भी शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि शनिवार को लखनऊ में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण व रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ का भी शुभारंभ होगा। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य युवाओं के कौशल को निखारना और उन्हें रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है।
सीएम योगी के मुताबिक, एक ओर आधुनिक रेल सेवा से प्रदेश में व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर कौशल विकास की पहल युवाओं को प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में भागीदार बनाएगी।
2017 से पहले की राजनीति पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में वर्ष 2017 से पहले की राजनीतिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय तुष्टीकरण, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति ने समाज को बांटने का काम किया और राष्ट्रीय एकात्मता की भावना को कमजोर किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र को सुशासन का आधार बनाया है। इससे सामाजिक समरसता को मजबूत करने और सरदार वल्लभभाई पटेल की विरासत को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर रन फॉर यूनिटी में शामिल होने की अपील
सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार पटेल ने राष्ट्रीय एकात्मता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया था।
मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में लोगों से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि एकता दौड़ में उठाया गया हर कदम राष्ट्र की अखंडता के प्रति समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ के संकल्प का प्रतीक होना चाहिए।

