नई दिल्ली। दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में शहजादा बाग स्थित उषा माता मंदिर के पास एक इमारत के बेसमेंट में बने मोजों के गोदाम में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की कई गाड़ियां और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद शनिवार तड़के करीब 4:50 बजे आग पर काबू पाया। इसके बाद आग दोबारा भड़कने से रोकने के लिए कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया। राहत की बात रही कि घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार रात 11:36 बजे केशव पुरम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शहजादा बाग में उषा माता मंदिर के पास स्थित एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी। आग की जानकारी मिलने के बाद कई कॉल आने लगीं, जिसके चलते दमकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। दमकल की गाड़ियों और इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया।
रात 12:01 बजे जारी किया गया मेक-4 इमरजेंसी अलर्ट
अधिकारियों के मुताबिक, आग की गंभीरता को देखते हुए रात 12:01 बजे मेक-4 इमरजेंसी मैसेज जारी किया गया। इसके बाद अतिरिक्त दमकल टीमें मौके पर भेजी गईं। आग बुझाने के अभियान में तीन वॉटर टेंडर, तीन वॉटर बाउजर, दो ब्रीदिंग फायर टेंडर, एक मोबाइल पंप और एक क्विक रिस्पॉन्स वाहन लगाया गया।
जिस इमारत में आग लगी, उसमें बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर बना हुआ है। यह इमारत करीब 550 वर्ग गज क्षेत्रफल में फैली है। आग बेसमेंट में संचालित मोजों के गोदाम में लगी थी। दमकल कर्मियों ने आग पर नियंत्रण पाने के बाद कूलिंग ऑपरेशन चलाया, ताकि अंदर मौजूद गर्मी और धुएं के कारण आग दोबारा न भड़क सके।
शुक्रवार को दिल्ली में आग की तीसरी बड़ी घटना
दिल्ली में शुक्रवार को आग लगने की यह तीसरी बड़ी घटना बताई गई है। दीपावली से पहले राजधानी में आग की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे पहले शुक्रवार दोपहर करीब 3:26 बजे दक्षिण दिल्ली में साकेत मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर दो के पास एक इमारत में आग लग गई थी। इस इमारत में किया कार कंपनी और कपड़ों का शोरूम था। सूचना मिलने पर दमकल की कई गाड़ियां और आपातकालीन वाहन मौके पर पहुंचे थे।
वहीं, धनतेरस के मौके पर शुक्रवार तड़के गफ्फार मार्केट की चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में भी भीषण आग लग गई थी। आग पर काबू पाने के लिए करीब 20 से 25 दमकल गाड़ियों को लगाया गया था।
सराय रोहिल्ला के गोदाम में लगी आग पर फिलहाल काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों और उससे हुए नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

