चमोली। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में आयोजित होने वाले भव्य समारोह को लेकर चमोली पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई अतिविशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा और पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट ने समारोह में ड्यूटी के लिए नियुक्त सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग ली। इस दौरान कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने ड्यूटी प्वाइंटों का जायजा लेते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय से अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के निर्देश
पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान का पर्व है। ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचने, पूरी सतर्कता बरतने और आसपास की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए।
वहीं, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट ने आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी आपस में संपर्क बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दें।
यातायात और वीआईपी मूवमेंट के लिए तैयार किया रूट प्लान
समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है। वीआईपी वाहनों के आवागमन के लिए अलग से रूट प्लान तैयार किया गया है, ताकि समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों के साथ आम जनता को भी किसी तरह की असुविधा न हो।
प्रवेश और निकास द्वारों पर तैनात रहेगा पर्याप्त पुलिस बल
भीड़ प्रबंधन के लिए कार्यक्रम स्थल के प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने की व्यवस्था की गई है। महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड के आवागमन हेतु अलग मार्ग सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है।
ब्रीफिंग के अंत में अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।

