मुज़फ़्फ़रनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में 17 वर्षीय मोनीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 18 वर्षीय दोस्त निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक बाइक से शहर की ओर जा रहे थे। सांझक गांव के पास पीछे से आई बड़ौत डिपो की रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक के मौके से फरार होने का आरोप है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सांझक गांव निवासी मोनीश पुत्र मुर्तजा अपने दोस्त निखिल पुत्र नरेश के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से शहर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही बड़ौत डिपो की रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मोनीश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि निखिल को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतक मोनीश के चचेरे भाई नोमान ने बताया कि मोनीश अपने दोस्त निखिल के साथ बाइक से शहर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आई रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। नोमान ने हादसे के लिए बस चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उसने बताया कि हादसे में मोनीश की मौत हो गई, जबकि निखिल गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे के प्रत्यक्षदर्शी ई-रिक्शा चालक मिंटू ने बताया कि वह अपनी ई-रिक्शा लेकर जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आई रोडवेज बस उसे ओवरटेक करके आगे निकल गई। कुछ ही दूरी पर बस ने आगे चल रही बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। मिंटू के मुताबिक, बाइक सवार दोनों युवक आपस में दोस्त थे और कोट-पैंट की सिलाई का काम करते थे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद रोडवेज बस का चालक और परिचालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल निखिल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने रोडवेज बस को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, मृतक मोनीश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
17 वर्षीय मोनीश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कम उम्र में बेटे को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे के बाद सांझक गांव में भी शोक का माहौल है।

