Home » विविध इंडिया » मोहन भागवत बोले- संघ 100 साल से किसी की कृपा से नहीं, स्वयंसेवकों के समर्पण से चल रहा; व्यक्ति निर्माण ही मूल उद्देश्य

मोहन भागवत बोले- संघ 100 साल से किसी की कृपा से नहीं, स्वयंसेवकों के समर्पण से चल रहा; व्यक्ति निर्माण ही मूल उद्देश्य

Facebook
Twitter
WhatsApp

नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने सोमवार को नागपुर नागरिक सहकारी बैंक के मुख्यालय और सभागार का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान भागवत ने संघ की 100 साल की यात्रा, स्वयंसेवकों के योगदान और प्रचारकों के समर्पित जीवन पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि संघ एक शताब्दी से किसी की कृपा से नहीं, बल्कि स्वयंसेवकों के कर्तृत्व और समर्पण के बल पर आगे बढ़ रहा है।

व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का लक्ष्य

मोहन भागवत ने कहा कि आज दो कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। पहला भवन का उद्घाटन और दूसरा प्रचारकों के जीवन पर आधारित स्मृति ग्रंथ का विमोचन है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मन में भी यही विचार आया कि एक तपस्या है और दूसरा उसका परिणाम। आज दोनों का अनुभव एक साथ हो रहा है।

अपनी बात समझाने के लिए भागवत ने एक पुरानी कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि एक राजा अपनी सेना के साथ जंगल में रास्ता भटक गया। चलते-चलते वह एक झोपड़ी के पास पहुंचा, जहां कुछ साधु तपस्या कर रहे थे। राजा ने उनसे भोजन, पानी और ठहरने की व्यवस्था के बारे में पूछा। साधुओं ने उसे सामने के जंगल में जाने की सलाह दी, जहां राजा और उसकी सेना के लिए सभी व्यवस्थाएं कर दी गईं।

रातभर विश्राम करने के बाद सुबह राजा ने साधुओं से पूछा कि यह व्यवस्था किसने की थी। साधुओं ने बताया कि उन्होंने ही यह सब किया था। इस पर राजा ने सवाल किया कि जब उनके पास इतनी व्यवस्थाएं करने की क्षमता है तो वे स्वयं अभाव में क्यों रहते हैं। साधुओं ने जवाब दिया कि वे साधारण परिस्थितियों में इसलिए रहते हैं, ताकि वहां राजा जैसे लोगों के लिए सारी व्यवस्थाएं कर सकें।

ALSO READ THIS :  त्योहारों पर विज्ञापन बनाते समय संस्कृति और भावनाओं का सम्मान जरूरी- सोनू त्यागी

भागवत ने कहा कि संघ के संस्थापक ने इस सिद्धांत को बहुत पहले समझ लिया था। वे देश की उन्नति के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यों के अनुभवी कार्यकर्ता थे। अपने अनुभव से उन्होंने जाना कि मनुष्य को अच्छा बनाया जाए तो बाकी चीजें भी अच्छी हो जाती हैं। इसी सोच के आधार पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शुरुआत से ही व्यक्ति निर्माण की पद्धति के रूप में काम कर रहा है।

स्वयंसेवकों के कर्तृत्व और समर्पण से आगे बढ़ा संघ

संघ प्रमुख ने कहा कि संघ ने 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं और आज भी आगे बढ़ रहा है। यह किसी की कृपा से संभव नहीं हुआ, बल्कि स्वयंसेवकों के कर्तृत्व और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि काम तेजी से करने की आवश्यकता है, क्योंकि समय के साथ हमारी होड़ लगी हुई है। बिगड़ने की गति और सुधार की गति के बीच सही तालमेल बनाकर आगे बढ़ना होगा।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक स्वयंसेवक किसी न किसी रूप में संघ के कार्य में योगदान देता है। कोई अपना समय देता है तो कोई अपने जीवन और आचरण के माध्यम से सकारात्मक वातावरण तैयार करता है। जो लोग अधिक समय नहीं दे पाते, वे भी अपने व्यवहार और जीवनशैली से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में भूमिका निभाते हैं।

प्रचारकों के जीवन की सबसे बड़ी विशेषता समर्पण

मोहन भागवत ने प्रचारकों के जीवन और उनके योगदान पर चर्चा करते हुए कहा कि हर व्यक्ति का स्वभाव, कार्य करने की क्षमता और गुण अलग-अलग होते हैं, लेकिन प्रचारकों में एक विशेषता समान होती है और वह है उनका समर्पण।

उन्होंने कहा कि प्रचारक संघ के लिए अपना जीवन समर्पित कर देते हैं। उनके लिए संघ ही सब कुछ होता है। प्रचारक किसी व्यक्तिगत लाभ, सम्मान या पुरस्कार की अपेक्षा से काम नहीं करते। भागवत ने कहा कि वे स्वयं भी प्रचारक रहे हैं और प्रचारकों का जीवन उनके लिए परिचित है।

ALSO READ THIS :  IDBI बैंक की बिक्री पर राहुल गांधी का केंद्र पर हमला: बोले- ‘सरकारी बैंक बेचने की संपत्ति नहीं, देश बनाने के औजार हैं’; कर्मचारियों के साथ खड़े होने का ऐलान

उन्होंने विदेश यात्राओं का अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें तथाकथित विकसित देशों में भी जाने का अवसर मिलता है। वहां का समाज व्यवस्थित, ज्ञानी और कर्तृत्व संपन्न है। ऐसे लोगों को भी यह देखकर आश्चर्य होता है कि संघ में किस तरह के व्यक्ति तैयार होते हैं। उन्हें यह बात हैरान करती है कि यहां लोगों को कुछ मिलता नहीं, फिर भी 100 साल से अलग-अलग आयु वर्ग के लोग लगातार काम कर रहे हैं और कुछ तो अपना पूरा जीवन इस कार्य के लिए समर्पित कर देते हैं। इसके बदले उन्हें कोई विशेष धन्यवाद या व्यक्तिगत लाभ भी नहीं मिलता।

भागवत ने कहा कि 100 साल बाद प्रचारकों पर पुस्तकें लिखी जा रही हैं, लेकिन किसी प्रचारक ने कभी इसकी अपेक्षा नहीं की। न ही भविष्य में ऐसी कोई अपेक्षा होगी। प्रचारकों के जीवन पर पुस्तकें लिखने वाले लोग भी उनके साथ काम करने के अनुभव, प्रेम और कृतज्ञता के कारण ऐसा करते हैं। इसका उद्देश्य ऐसे समर्पित जीवन को समाज के सामने लाना है।

प्रचारकों के प्रति सम्मान उनके त्याग के कारण

उन्होंने कहा कि प्रचारकों के लिए संघ के अलावा कुछ नहीं होता। वे पूरी निष्ठा से संगठन के कार्य में लगे रहते हैं। उनके इस त्याग के कारण स्वयंसेवकों और समाज के लोगों के मन में उनके प्रति स्वाभाविक सम्मान और कृतज्ञता का भाव रहता है।

भागवत ने बताया कि प्रचारकों के जीवन पर स्मृति ग्रंथ तैयार करने के लिए श्याम जी ने पहल की। वे स्वयं भी प्रचारक हैं। उन्होंने दो-तीन लोगों की टीम बनाई और मिलकर प्रचारकों के बारे में जानकारी जुटाई। इसी आधार पर पुस्तक तैयार की गई। उन्होंने कहा कि ऐसे जीवन लोगों के सामने आने चाहिए, ताकि समाज उनके समर्पण और कार्यों को समझ सके।

ALSO READ THIS :  कांग्रेस सांसदों का भाजपा पर करारा हमला: इमरान मसूद बोले- 'राहुल गांधी का एक भी बयान गलत साबित करके दिखाएं'

उन्होंने डॉक्टर साहब की जन्मशती के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम को भी याद किया। उस समय वर्तमान और पूर्व प्रचारकों को आमंत्रित किया गया था और उनकी संख्या करीब 6,500 थी। भागवत ने कहा कि अब यह संख्या कई गुना बढ़ गई होगी। संघ में नया हो या पुराना, अधिक कर्तृत्व संपन्न हो या कम, प्रचारक के रूप में आने वाले व्यक्ति के प्रति स्वयंसेवकों में श्रद्धा और सम्मान का भाव रहता है।

प्रचारकों के स्वभाव का आसपास के स्वयंसेवकों पर पड़ता है प्रभाव

मोहन भागवत ने कहा कि प्रचारक जिस स्थान पर रहते हैं, वहां उत्साह और चैतन्य का वातावरण बनता है। उनके विशेष गुणों का प्रभाव आसपास के स्वयंसेवकों पर भी पड़ता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मुकुंद जी का स्वभाव व्यवस्थित रहने का था। इसलिए वे जहां भी जाते थे, वहां व्यवस्था और अनुशासन का वातावरण तैयार हो जाता था।

इस दौरान उन्होंने मुस्कुराते हुए कुछ ऐसे प्रचारकों का भी जिक्र किया, जिनका व्यवस्थित रहने से कोई खास संबंध नहीं था। उन्होंने बताया कि ऐसे प्रचारक यात्रा के दौरान सामान पैक करने के लिए कपड़ों को तार से उतारकर गोल-गोल बनाते और थैली में रख लेते थे। भागवत ने कहा कि उन्होंने इस तरह के अलग-अलग स्वभाव वाले प्रचारक भी देखे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रचारकों के व्यक्तित्व और काम करने के तरीके अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन सभी में संघ के प्रति समर्पण की भावना समान रहती है। यही भावना पिछले 100 वर्षों से संगठन के कार्य को आगे बढ़ाने का आधार बनी हुई है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें