जालोर। राजस्थान के जालोर जिले के सांचौर थाना क्षेत्र में रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धानता गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। सभी लोग दीपावली मनाने अपने गांव जा रहे थे। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सांचौर थानाधिकारी नेमाराम ने बताया कि बाइक पर जीयाराम धेतरवाल (65), निवासी पुर, रामलाल सियाक (50), निवासी डावल, शामी और आठ वर्षीय कुलदीप सवार थे। सभी दीपावली मनाने अपने घर पुर जा रहे थे। इसी दौरान धानता गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीन लोगों ने मौके पर तोड़ा दम, महिला की अस्पताल में मौत
हादसे में जीयाराम, रामलाल और आठ वर्षीय कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शामी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर सांचौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सांचौर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए गुजरात के पालनपुर अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान शामी ने भी दम तोड़ दिया।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से मातम
बताया गया कि शामी बाइक पर अपने ससुर जीयाराम, पिता रामलाल और बेटे कुलदीप के साथ सवार थी। हादसे में ससुर, पिता और बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। दीपावली मनाने गांव लौट रहे परिवार के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे से परिजनों में कोहराम मचा है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

