Home » विविध इंडिया » महाराष्ट्र में दिवाली की रात दर्दनाक अग्निकांड: एक ही परिवार के 6 लोगों की जलकर मौत, बच्चा किसी तरह बचा

महाराष्ट्र में दिवाली की रात दर्दनाक अग्निकांड: एक ही परिवार के 6 लोगों की जलकर मौत, बच्चा किसी तरह बचा

Facebook
Twitter
WhatsApp

धाराशिव। महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में मध्यरात्रि को हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में परिवार के मुखिया, उनकी पत्नी, दो बेटियां और बुजुर्ग माता-पिता शामिल हैं। हादसे के दौरान परिवार का एक बच्चा किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दीपावली के त्योहार के बीच हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

रात में सोते समय मकान में लगी आग

जानकारी के अनुसार, येडशी गांव निवासी गोविंद करंडे ने लक्ष्मी पूजन के अवसर पर अपने घर और मकान से लगी किराना दुकान के बाहर आकर्षक सजावट की थी। दिनभर त्योहार की तैयारियों और पूजा-पाठ के बाद परिवार के सभी सदस्य रात में सोने चले गए।

इसी दौरान मध्यरात्रि करीब 2:30 बजे अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में सो रहे लोगों को संभलने और बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका।

परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत

इस अग्निकांड में गोविंद करंडे, उनकी पत्नी, दो बेटियों और उनके बुजुर्ग माता-पिता की जलकर मौत हो गई। परिवार का एक बच्चा किसी तरह घर से बाहर निकलने में कामयाब रहा, जिससे उसकी जान बच गई। हादसे में बचा बच्चा फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और उसका उपचार जारी है।

ग्रामीण क्षेत्र में दमकल सुविधा नहीं होने से आई परेशानी

ALSO READ THIS :  दिल्ली के चावड़ी बाजार में इमारत ढहने से मौतों का आंकड़ा 3 पहुंचा, मलबे से पंकज शर्मा का शव बरामद

आग लगने की जानकारी मिलते ही पड़ोसियों और ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि किसी के लिए भी घर के अंदर पहुंचना संभव नहीं हो सका।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक राणा जगजीतसिंह पाटिल सुबह करीब 4:20 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्र में तत्काल अग्निशमन सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण आग बुझाने के प्रयासों में परेशानी आई। इसके बाद कलंब और तुलजापुर से दमकल टीमों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दीये से आग लगने की आशंका, जांच में जुटा प्रशासन

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में जलाए गए दीये यानी पणती से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें