मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में श्रीराम कॉलेज के पास रेशु विहार में निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास को लेकर शुक्रवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और कीचड़ भरे रास्ते से परेशान एक स्थानीय निवासी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उसने आरोप लगाया कि लंबे समय से चल रहे निर्माण के बावजूद लोगों को आवागमन के लिए एक तरफ पक्की सड़क तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। इसका खामियाजा कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं और रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी विकास बालियान का कहना है कि अंडरपास का निर्माण बेहद धीमी गति से चल रहा है। रास्ते पर कीचड़ जमा होने के कारण कई छात्र-छात्राएं फिसलकर गिर चुके हैं। बदहाल रास्ते से हर दिन हादसे का खतरा बना रहता है, लेकिन निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसियां समस्या का समाधान नहीं कर पा रही हैं।
मौके पर अधिकारियों से बातचीत के दौरान विकास बालियान ने मंत्री कपिलदेव अग्रवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री मौके पर आकर लोगों को आश्वासन देकर चले जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने इसे लोगों को सिर्फ ‘मीठी गोली’ देने जैसा बताया।
वहीं, अधिकारियों ने निर्माण कार्य में देरी की वजह मिट्टी की अनुमति नहीं मिलना बताया। इस पर विकास बालियान ने सवाल उठाया कि जब अधिकारियों को ही अनुमति नहीं मिल पा रही है तो आम जनता को कैसे अनुमति मिलेगी?
निर्माण कार्य की धीमी गति और बदहाल रास्ते को लेकर स्थानीय लोगों की नाराजगी सामने आने के बाद अंडरपास निर्माण की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
