मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मथुरा के राया थाना क्षेत्र में राया कट पुल के ऊपर दिल्ली से छतरपुर जा रही चलती बस में अचानक आग लग गई। बस में आग की लपटें उठती देख करीब 40 यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने जान बचाने के लिए बस से बाहर निकलने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि बस और उसमें रखा यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 1:38 बजे पीआरवी 5840 को सूचना मिली कि यमुना एक्सप्रेसवे पर राया कट पुल के ऊपर एक चलती बस में आग लग गई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थिति का जायजा लिया और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया गया।
पूरी बस में फैल गई थीं आग की लपटें
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। बस में सवार करीब 40 यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। चीख-पुकार के बीच पुलिसकर्मियों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के लिए लगातार प्रयास किए। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। इस दौरान बस में रखा यात्रियों का सामान भी आग की चपेट में आकर जल गया।
दिल्ली से छतरपुर जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, आग खजुराहो ट्रेवल्स की बस में लगी थी। बस चालक जितेंद्र निवासी नौगांव, छतरपुर (मध्य प्रदेश) करीब 40 यात्रियों को लेकर दिल्ली के कश्मीरी गेट से छतरपुर जा रहा था। इसी दौरान राया कट पुल के ऊपर बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। चालक और यात्रियों को जब तक स्थिति समझ आती, आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस और दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
महावन के क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार राय ने बताया कि बस में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। इसके बाद दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया। हालांकि, आग में बस और यात्रियों का सामान पूरी तरह जल गया।

