Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » 18 नवंबर को निकलेगी बाबा श्याम की रथयात्रा: पांच दिवसीय जन्मोत्सव का कार्यक्रम जारी, महिलाओं से महंगे आभूषण पहनकर नहीं आने की अपील, सुरक्षा के मद्देनजर लिया फैसला

18 नवंबर को निकलेगी बाबा श्याम की रथयात्रा: पांच दिवसीय जन्मोत्सव का कार्यक्रम जारी, महिलाओं से महंगे आभूषण पहनकर नहीं आने की अपील, सुरक्षा के मद्देनजर लिया फैसला

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में बाबा खाटू श्याम के जन्मोत्सव पर पांच दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भरतिया कॉलोनी स्थित श्री गणपति खाटू श्याम मंदिर में 17 से 21 नवंबर तक होने वाले इस आयोजन का मुख्य आकर्षण 18 नवंबर को निकलने वाली भव्य रथयात्रा होगी। मंदिर समिति के अनुसार, रथयात्रा में तीन बैंड, ढोल और आठ झांकियां शामिल होंगी। बाबा श्याम का रथ श्रद्धालु अपने हाथों से खींचेंगे। यात्रा मार्ग को झंडों और तोरणों से सजाया जा रहा है।

श्री गणपति धाम ट्रस्ट समिति ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि 18 नवंबर, बुधवार को सुबह 10 बजे मंदिर प्रांगण से रथयात्रा शुरू होगी। यात्रा नवीन मंडी स्थल, बाबूराम गेट, मुनीम कॉलोनी, जैन कन्या इंटर कॉलेज, नई मंडी बड़े डाकखाने के सामने, गौशाला रोड, नन्दी स्वीट्स के बराबर से पुरानी गुड़ मंडी, पीठ बाजार, बिंदल बाजार, मेहता क्लब, वकील रोड और चौड़ी गली से होकर निकलेगी। इसके बाद गौशाला रोड, मालवीय चौक, अंसारी रोड, सराफा बाजार, भगत सिंह रोड, सिविल लाइंस थाने के सामने, रेलवे ओवरब्रिज, गांधी कॉलोनी बिजलीघर के सामने वाली सड़क, लक्ष्मीनारायण मंदिर, द्वारिकापुरी रोड, भोपा रोड और डाकखाना रोड से होते हुए वापस मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी।

समिति ने महिलाओं से विशेष अपील की है कि वे रथयात्रा और अन्य कार्यक्रमों में महंगे आभूषण पहनकर न आएं। समिति के मुताबिक, यह अपील आभूषण चोरी होने या भीड़ में गिर जाने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर की गई है।

पांच दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत 17 नवंबर को शाम 7 बजे मंदिर प्रांगण में मेहंदी उत्सव से होगी। 18 नवंबर को सुबह 10 बजे रथयात्रा निकाली जाएगी। 19 नवंबर को सुबह 9 बजे कलश यात्रा आयोजित होगी। इसी दिन से 21 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक जयपुर के श्री गिरिराज शरण जी द्वारा श्री श्याम कथा सुनाई जाएगी।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में मीरापुर पुलिस दबंगई का वीडियो वायरल, दरोगा पर कार्रवाई

20 नवंबर को सुबह 9 बजे शिव चौक से निशान यात्रा निकलेगी। इसी दिन शाम 8 बजे एकादशी संकीर्तन होगा, जिसमें हरिगढ़ के भजन प्रवाहक श्री विमल दीक्षित पागल और स्थानीय कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे। 21 नवंबर को शाम 7 बजे कथा समापन, बधाई उत्सव और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

समिति ने मेहंदी उत्सव को लेकर भी स्पष्ट किया है कि मंदिर में मेहंदी लगाने का कार्यक्रम सेवादारों और परिवारों के माध्यम से ही होता है। बाहर से कोई मेहंदी लगाने वाला नहीं बुलाया जाता। ट्रस्ट समिति ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रमों में शामिल होने और सुरक्षा संबंधी अपीलों का पालन करने का आग्रह किया है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें