Home » विविध इंडिया » बिहार के बक्सर में तेज रफ्तार का कहर: कार-बाइक आमने-सामने भिड़ीं, 6 युवकों की दर्दनाक मौत; दो गंभीर

बिहार के बक्सर में तेज रफ्तार का कहर: कार-बाइक आमने-सामने भिड़ीं, 6 युवकों की दर्दनाक मौत; दो गंभीर

Facebook
Twitter
WhatsApp

बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव के पास हुई इस भीषण दुर्घटना में छह युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतउरा गांव के पांच युवक कार में सवार होकर रामगढ़-मोहनिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सोनपा गांव की तरफ से तीन युवक बाइक पर सवार होकर मुख्य सड़क पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो युवकों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान दो अन्य घायलों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।

मृतकों में उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतउरा गांव निवासी इरफान अंसारी की उम्र करीब 25 वर्ष, अरबाज अंसारी की उम्र करीब 20 वर्ष और बादल कुमार की उम्र करीब 30 वर्ष बताई गई है। वहीं बाइक सवार युवकों में उत्तर प्रदेश के उतरौली निवासी अरुण कुमार राजभर की उम्र करीब 21 वर्ष शामिल हैं। इसके अलावा राजपुर थाना क्षेत्र के सॉरी गांव निवासी शुभम कुमार और सिकरौल गांव निवासी शिवम कुमार की भी हादसे में मौत हो गई। शिवम की उम्र करीब 18 वर्ष बताई गई है।

ALSO READ THIS :  चित्रकूट से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो मासूमों समेत 4 की मौत; 12 घायल,मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख

ग्रामीणों के मुताबिक कार में पांच युवक और बाइक पर तीन युवक सवार थे। देर रात मुख्य सड़क पर दोनों वाहनों के बीच हुई टक्कर के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य में पुलिस की मदद की तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां अपनों के शव देखकर उनका रो रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों वाहन आमने-सामने आए थे, जिसके बाद जोरदार टक्कर हुई। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय वाहनों की गति कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें