मुजफ्फरनगर। जनपद में जनगणना 2027 को लेकर स्व-गणना अभियान के तहत जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में जिला जज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने निर्धारित मानकों के अनुसार अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना प्रक्रिया में सहभागिता की। न्यायिक अधिकारियों की इस पहल के माध्यम से आमजन को भी जनगणना अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का संदेश दिया गया।
वहीं, स्व-गणना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उद्योग विभाग की ओर से औद्योगिक क्षेत्र बेगराजपुर स्थित मैसर्स मोरवेल ट्यूब्स में जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में उपायुक्त उद्योग एवं सहायक आयुक्त उद्योग ने पहुंचकर कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों को भारत की जनगणना के महत्व और स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अधिकारियों ने कर्मचारियों को बताया कि जनगणना देश की जनसंख्या, सामाजिक और आर्थिक स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाने का राष्ट्रीय अभियान है। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार को विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और संसाधनों के बेहतर नियोजन में सहायता मिलती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कर्मचारियों को परिवार सहित स्व-गणना के लिए किया प्रेरित
जागरूकता कैंप के दौरान अधिकारियों ने औद्योगिक इकाई में कार्यरत सभी कर्मचारियों से स्वयं तथा अपने परिवार के सदस्यों की स्व-गणना कराने की अपील की। उन्हें स्व-गणना के निर्धारित मानकों के अनुसार सही और आवश्यक जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही कहा गया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
इस दौरान कर्मचारियों की स्व-गणना से संबंधित जिज्ञासाओं और प्रक्रिया की जानकारी पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी से अपील की कि वे अपने आसपास के लोगों को भी स्व-गणना के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान से जुड़ सकें।
कार्यक्रम में प्रभारी जनगणना अधिकारी लखनऊ सहित औद्योगिक इकाई के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जनगणना 2027 के स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता पर जोर दिया।

